हैदराबाद : रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन एक प्रमुख रक्षा सार्वजनिक उपक्रम, मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानि) ने अपने हैदराबाद संयंत्र में अत्याधुनिक एयरोस्पेस फास्टनर्स सुविधा के उद्घाटन के साथ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
अत्याधुनिक एयरोस्पेस फास्टनर्स सुविधा का उद्घाटन संजीव कुमार, आईएएस, सचिव (रक्षा उत्पादन), रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. एस.वी.एस. नारायण मूर्ति, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, मिधानि की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही श्रीमती के. मधुबाला, निदेशक (वित्त), पी. बाबू, निदेशक (उत्पादन एवं विपणन), श्रीमती स्पूर्ति रेड्डी, आईआरएस, सीवीओ (मिधानि), एसके द्विवेदी, महाप्रबंधक (विपणन एवं एसबीडी) तथा मिधानि के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

यह अत्याधुनिक सुविधा भारत में एयरोस्पेस एवं रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के प्रति मिधानि की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। धातुकर्म में दशकों के अनुभव के साथ मिधानि उच्च गुणवत्ता वाले एयरोनॉटिकल फास्टनर्स के निर्माण में अग्रणी संस्थान के रूप में स्थापित है।
Also Read-
उन्नत विनिर्माण क्षमताएँ
नई सुविधा अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है, जिनमें पूर्णतः स्वचालित वार्म/हॉट हेड फोर्जिंग, थ्रेड रोलिंग एवं फिलेट रोलिंग मशीनें शामिल हैं। ये तकनीकें एयरोस्पेस-ग्रेड फास्टनर्स के उत्पादन में उच्च परिशुद्धता, निरंतरता और दक्षता सुनिश्चित करती हैं।
मिधानि निम्नलिखित प्रकार के फास्टनर्स के निर्माण में विशेषज्ञता रखता है
विशेष इस्पात फास्टनर्स – जो अत्यधिक प्रतिकूल परिस्थितियों में भी कार्य करने में सक्षम हैं
टाइटेनियम फास्टनर्स – उच्च शक्ति-से-भार अनुपात के साथ
सुपरएलॉय फास्टनर्स – उच्च तापमान एवं संक्षारणीय वातावरण में उपयोग हेतु उपयुक्त

गुणवत्ता आश्वासन एवं इन-हाउस क्षमताएँ
मिधानि उत्पादन के प्रत्येक चरण में कठोर गुणवत्ता नियंत्रण उपायों का पालन करता है- कच्चे माल के निरीक्षण से लेकर अंतिम परीक्षण तक। इस सुविधा में प्रूफ लोड परीक्षण, थ्रेड प्रोफाइलिंग, मैग्नेटिक पार्टिकल निरीक्षण (MPI), कोटिंग मोटाई परीक्षण तथा सामग्री की पूर्ण ट्रेसबिलिटी जैसी इन-हाउस व्यवस्थाएँ उपलब्ध हैं।
कच्चे माल के गलन से लेकर तैयार फास्टनर्स के निर्माण तक 100 फीसदी इन-हाउस विनिर्माण क्षमता तथा डीजीएक्यूए, नौसेना और मिसाइल कार्यक्रमों जैसी रक्षा एजेंसियों की रेजिडेंट निरीक्षण व्यवस्था, उत्पादों की विश्वसनीयता एवं मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करती है।

नवाचार एवं ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण
मिधानि अनुसंधान एवं विकास में निरंतर निवेश कर फास्टनर निर्माण की नवीनतम तकनीकों में अग्रणी बना हुआ है। ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण के माध्यम से यह अपने ग्राहकों के साथ निकट सहयोग कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप समाधान प्रदान करता है तथा दीर्घकालिक साझेदारी को बढ़ावा देता है।
