हैदराबाद : नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम), हैदराबाद–सिकंदराबाद के तत्वावधान में मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानि) द्वारा “कंप्यूटर पर हिंदी शब्द संसाधन” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य सदस्य कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में कंप्यूटर पर हिंदी के प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा राजभाषा हिंदी में कार्यकुशलता को बढ़ावा देना था।

प्रतियोगिता का उद्घाटन एम. पी. रमेश, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) (प्रभारी, सुरक्षा, ईएमएस एवं प्रशिक्षण एवं विकास) ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल युग में राजभाषा हिंदी का प्रभावी प्रयोग समय की आवश्यकता है तथा सरकारी उपक्रमों में कंप्यूटर पर हिंदी में कार्य करने की दक्षता विकसित करना राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने प्रतिभागियों को अपने-अपने कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने वर्ष 2025-26 के लिए नराकास (उपक्रम) द्वारा मिधानि को राजभाषा शील्ड प्रदान किए जाने तथा इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन का अवसर देने के लिए नराकास (उपक्रम) के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागियों की यूनिकोड आधारित हिंदी टंकण, कंप्यूटर पर हिंदी शब्द संसाधन, दस्तावेज़ निर्माण, संपादन तथा हिंदी में कार्य करने की दक्षता का परीक्षण किया गया।
Also Read-

प्रतियोगिता के मूल्यांकनकर्ता संतोष कुमार, सहायक निदेशक (टंकण एवं आशुलिपि), राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, केंद्रीय हिंदी प्रशिक्षण उप-संस्थान ने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के प्रश्न-पत्र की संरचना, परीक्षा की प्रक्रिया तथा मूल्यांकन के मापदंडों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में नराकास (उपक्रम) की कार्यकारिणी समिति के सदस्य आशीष किरोडीवाल तथा श्रीमती उषारानी, अतिरिक्त अधिकारी (वाणिज्यिक एवं परिचालन) पर्यवेक्षक के रूप में और वी.के.एस. महालक्ष्मी (ईसीआईएल) ने नराकास (उ.) की प्रतिनिधि के रूप में अपनी उपस्थित दर्ज की।

प्रतियोगिता में नराकास (उपक्रम) के विभिन्न सदस्य कार्यालयों से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें रम्या श्री (नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड), जी. स्नेहा, डॉ. विकास कुमार आज़ाद (मिश्र धातु निगम लिमिटेड), कमल पारमुवाल (राष्ट्रीय बीज निगम लिमिटेड), सुशील भास्कर जोशी (बीएचईएल, रामचंद्रपुरम), अमृत सिंह (बीएचईएल, रामचंद्रपुरम), शुक्ला उपेन्द्र कुमार (एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया), ऋभु देव तिवारी (भारतीय खाद्य निगम, मंडल कार्यालय, तारनाका), एम. भास्कर किरण (ईसीआईएल), मनीषा मंजरी (भारतीय खाद्य निगम), रत्नेश के. भट्ट (मिश्र धातु निगम लिमिटेड), बोडा नरेश (प्रतिभूति मुद्रणालय, हैदराबाद), के. मधु वर्मा (प्रतिभूति मुद्रणालय, हैदराबाद), एल. नागेश्वर राव (भारत सरकार टकसाल, हैदराबाद), रामनारायण यादव (बीएचईएल कॉर्पोरेट अनुसंधान एवं विकास, विकासनगर), सीमा रानी (भारत संचार निगम लिमिटेड, हैदराबाद), टी. श्रीनिवास राव (एनएमडीसी लिमिटेड), भीष्म शर्मा (भारत सरकार टकसाल, हैदराबाद), एन. विजया लक्ष्मी (भारत डायनामिक्स लिमिटेड), मनोहर नाइक (भारत डायनामिक्स लिमिटेड), करिश्मा गिरी (भारतीय खाद्य निगम), शेख चांद बाशा (रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, हैदराबाद), धर्मराज कुमार (भारतीय खाद्य निगम, क्षेत्रीय कार्यालय, हैदराबाद) तथा तेज प्रताप ठाकुर शामिल थे।

कार्यक्रम के आरंभ में प्रतियोगिता के संचालक डॉ. बी. बालाजी, प्रबंधक (हिंदी अनुभाग एवं निगम संचार) ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं नियमों से अवगत कराया। कार्यक्रम में अंत में सभी प्रतिभागियों, मूल्यांकनकर्ता एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।



