हैदराबाद/करीमनगर: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और करीमनगर सांसद बंडी संजय का बेटा विवाद में फंस गया है। संजय के बेटे के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) केस दर्ज हुआ है। सिकंदराबाद के सुचित्रा में रहने वाली एक नाबालिगा (17) की शिकायत पर बंडी संजय के बेटे साई भगीरथ पर पेटबशीराबाद पुलिस ने शनिवार को बीएनएस की धारा 74, 75 के साथ-साथ धारा 11 रीड विद 12 पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज किया है।
पीड़िता के बयान के आधार पर यौन उत्पीड़न, प्राइवेट पार्ट्स छूना आदि धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मीडिया में प्रसारित और प्रकाशित खबरों के मुताबिक बंडी संजय के बेटे साई भगीरथ और सुचित्रा की रहने वाली लड़की कॉमन फ्रेंड्स हैं। ये सभी 31 दिसंबर को मोइनाबाद के एक फार्महाउस में न्यू ईयर सेलिब्रेशन मनाने गए थे। लड़की ने अपनी शिकायत में बताया है कि पार्टी के दौरान भगीरथ ने उसे शराब पिलाई और कई बार उसके प्राइवेट पार्ट्स को छुआ।
वहीं, बंडी साई भगीरथ ने करीमनगर पुलिस में शिकायत की है कि उनके बीच की दोस्ती का फायदा उठाकर उसे ब्लैक मेल कर रही युवती और उसके माता-पिता पर कार्रवाई की जाए। भगीरथ की शिकायत के अनुसार युवती का पिता उनकी बेटी से शादी करने या फिर 5 करोड़ रुपये देने की मांग कर रहा है, जिस पर करीमनगर टू टाउन पुलिस ने केस दर्ज किया है। उसमें दिए गए विवरण के अनुसार हैदराबाद में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए भगीरथ की एक युवती से जान-पहचान हुई थी।
भगीरथ ने शिकायत में बताया है कि ये सभी साथ मिलकर फैमिली फंक्शन, मंदिरों और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में शामिल होते थे। इसी दौरान भगीरथ, उक्त युवती और बाकी दोस्त मिलकर पहले विजयवाडा के कनकदुर्गा मंदिर, अरुणाचलम व तिरुमला मंदिर गए थे। उसके कुछ समय बाद उक्त युवती के व्यवहार में बदलाव आया और उसके माता-पिता ने उसे फोन कर उनकी बेटी से शादी करने का दबाव डाला।
भागीरथ ने शिकायत में आगे बताया, “शादी से इनकार करने पर मुझ पर कई आरोप लगाकर झूठे क्रिमिनल केस दर्ज करवाने की धमकी दी। फिर बड़ी रकम देने की मांग की। डर के कारण मैंने युवती के पिता को 50 हजार रुपये दिए। मैंने उन्हें मुझे अकेला छोड़ देने की अपील की। उसके बाद उन्होंने 5 करोड़ रुपये की मांग की। न देने पर युवती की मां ने आत्महत्या करने की धमकी दी। युवती के माता-पिता रोज मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। मेरे कुछ दोस्तों को भी इन लोगों से ऐसी ही समस्याएं उत्पन्न हुई है। उन्होंने 21 अप्रैल को निर्मल पुलिस स्टेशन में उस युवती के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। इससे एफआईआर भी दर्ज हुई है। पुलिस मामला दर्ज कर उसकी जांच कर रही है।”
इसी क्रम में पीड़ित लड़की ने पुलिस को बताया कि पिछले साल अक्टूबर में भी नानकरामगुडा में साई भगीरथ ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में उसने यह भी बताया गया है कि उनके घर (सुचित्रा) में आकर उसकी मर्जी के खिलाफ चुंबन (किस) करने की कोशिश की। इसके अलावा जब भी वह कॉमन फ्रेंड्स के साथ की गई तो कई पार्टियों में अभद्र व्यवहार किया और दुष्कर्म का प्रयास भी किया। वहीं, शिकायत मिलने पर पुलिस ने भगीरथ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़िता द्वारा बताए गए विवरण के आधार पर जांच शुरू की गई है। इस क्रम में 31 दिसंबर को पार्टी में शामिल भगीरथ के दोस्तों का विवरण जुटाया जा रहा है।
