हैदराबाद : मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र में हिंदी परामर्शी के रूप में कार्यरत, प्रतिष्ठित हिंदी विद्वान प्रो. ऋषभदेव शर्मा को भारत सरकार के अंतरिक्ष विभाग एवं परमाणु ऊर्जा विभाग की संयुक्त हिंदी सलाहकार समिति में बतौर गैर-सरकारी सदस्य मनोनीत किया गया है।
गौरतलब है कि कवि, समीक्षक, पत्रकार और हिंदी सेवी प्रो शर्मा लंबे समय से दक्षिण भारत में हिंदी भाषा और साहित्य की गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उच्च शिक्षा और शोध संस्थान, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के आचार्य के रूप में उन्हें लगभग 150 शोधार्थियों का मार्गदर्शन करने का श्रेय प्राप्त है।

35 मौलिक पुस्तकों के अलावा, उनके द्वारा संपादित 100 से अधिक साहित्यिक एवं अकादमिक ग्रंथ प्रकाशित हो चुके हैं। 1957 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जन्मे प्रो. शर्मा राष्ट्रभाषा और विश्वभाषा के रूप में हिंदी की प्रबल दावेदारी के मुखर समर्थक हैं तथा भाषाई शुद्धतावाद पर हिंदी के लचीलेपन को तरजीह देने के लिए जाने जाते हैं।
Also Read-
भारत सरकार के अंतरिक्ष विभाग एवं परमाणु ऊर्जा विभाग की संयुक्त सलाहकार समिति में बतौर गैर-सरकारी सदस्य मनोनीत किये जाने पर महानगर के अनेक साहित्यकार, कवि और लेखकों ने प्रो. ऋषभदेव शर्मा को बधाई दी है।
इसी क्रम में अखिल भारतीय कान्यकुब्ज ब्राह्मण महासभा राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष डॉ. सीमा मिश्रा ने अपने बधाई संदेश में कहा कि देश के आदरणीय एवं यशस्वी साहित्यकार एवं मेरे साहित्यिक गुरू प्रो. ॠषभदेव जी शर्मा का अंतरिक्ष विभाग की हिंदी समिति में मनोनीत होने पर हार्दिक अभिनंदन एवं अशेष शुभकामनाएँ।

यह गौरवपूर्ण उपलब्धि आपके दीर्घकालीन साहित्यिक अवदान, विद्वत्तापूर्ण चिंतन तथा सतत साधना का स्वाभाविक परिणाम है। आपने अपने सृजनात्मक कर्म और बौद्धिक दृष्टि से साहित्य जगत को समृद्ध किया है तथा समाज को दिशा प्रदान की है। ईश्वर करे आप अपने नवीन दायित्व का निर्वहन भी उसी निष्ठा, प्रज्ञा एवं उत्कृष्टता के साथ करें। आपके उत्तरोत्तर उत्कर्ष, यश एवं दीर्घायु की कामना करते हैं।
