हैदराबाद : एक व्यक्ति की कोरोना से बचाव के लिए अपनाये गये नुस्खे के कारण मौत हो गई। जबकि परिवार के दो सदस्यों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हैदराबाद के अलवाल थाना क्षेत्र में यह घटना प्रकाश में आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रनगर कॉलोनी मच्चा बोलारम निवासी सुरेश (30) एक निजी कंपनी में कर्मचारी था। सुरेश अपनी पत्नी संध्या और मां लक्ष्मी के साथ रह रहा था। इसी बीच पड़ोसियों ने सुझाव दिया कि दूध में काला नमक मिलाकर पीने से कोरोना नहीं आएगा। इसके चलते सुरेश का परिवार पड़ोसियों द्वारा दी गई सलाह का कुछ दिनों पालन कर रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार रात को भी तीनों ने हमेशा की तरह दूध में काला नमक डालकर पी गये। थोड़ी देर बाद तीनों उल्टियां करने लगे। यह देख परिवार और स्थानीय लोगों ने तीनों को यशोदा अस्पताल में भर्ती किया।
सुरेश की तबीयत बिगड़ जाने के कारण उसे गांधी अस्पताल भेज दिया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। सुरेश की पत्नी और मां का अस्पताल में इलाज जारी है। सुरेश के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

