लखनऊ: टीम इंडिया बनाम अफगानिस्तान के बीच दूसरा वनडे बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत इस मैच में जीतकर सीरीज अपने नाम करने की सोच रही है। इसी क्रम में अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए टीम में नए प्रयोग करने की भी योजना बना रही है। ऐसे में स्पिनर कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल को अंतिम ग्यारह में जगह मिलेगी या नहीं, यह दिलचस्प हो गया है।
मौजूदा सीरीज के नतीजे से ज्यादा टीम भविष्य की जरूरतों को तवज्जो दे रही है। वर्ल्ड कप से पहले खेले जाने वाले मैचों की संख्या कम होने के कारण खिलाड़ियों की क्षमता परखने के लिए इस सीरीज को एक मौके के तौर पर देखा जा रहा है। तीसरे नंबर पर पहले से ही इशान किशन खेल रहे हैं, फिर भी मैनेजमेंट यशस्वी को भी आजमाना चाहता है। गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बताया कि इशान, राहुल और जायसवाल में से किसे किस स्थान पर खिलाना है, इस पर प्रयोग किए जा रहे हैं।

सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा पहले मैच में जल्दी रन आउट हो गए थे, लेकिन इस मैच में बड़ी पारी खेलने पर उनकी नजर है। वनडे फॉर्मेट में अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड रखने वाले कुलदीप को हर्ष दुबे की जगह उतारने की संभावना है। तेज गेंदबाजों में गुरनूर बराड़ अपनी जगह बरकरार रखेंगे, जबकि प्रिंस यादव अपने मौके का इंतजार कर रहे हैं।
Also Read-
दूसरी ओर अफगानिस्तान की टीम को बल्लेबाजी में सामूहिक प्रदर्शन करना होगा। पहले मैच में ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज ने शतक लगाकर अकेले संघर्ष किया, लेकिन बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। अफगान की मुख्य ताकत स्पिनर हैं। राशिद खान, गजनफर, मोहम्मद नबी जैसे वर्ल्ड क्लास स्पिनर पहले मैच में भारतीय बल्लेबाजों को ज्यादा परेशान नहीं कर पाए। हालांकि लखनऊ की पिच स्पिनरों के अनुकूल रहने की संभावना है, इसलिए टीम को उम्मीद है कि वे वापसी करेंगे। यह मैच दोपहर 1.30 बजे से स्टार स्पोर्ट्स पर प्रसारित होगा।।
गौरतलब है कि भारत बनाम अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में भारत ने अफगानिस्तान पर 7 विकेट से जीत हासिल की। भारी बारिश के कारण इस मैच को 25 ओवरों का किया गया। भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। अफगानिस्तान की टीम 24.5 ओवरों में 194 रन ही बना पाई। जवाब में भारत ने 22.5 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाकर जीत हासिल की। इस मैच में अफगानिस्तान के रहमतुल्ला गुरबाज ने 51 गेंदों में शानदार 102 बनाये।
