हैदराबाद : तेलंगाना मेधावी मंच की राज्य शाखा की ओर से लंदन की अदालतों में विशेष रूप से मीडिया कानून से संबंधित मामलों में कार्यरत प्रसिद्ध बैरिस्टर डॉ. मरियम कामिल का भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर तेलंगाना राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष, प्रख्यात विधिवेत्ता, नालसार विधि विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार तथा उच्च शिक्षा से संबंधित विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके प्रोफेसर वी. बालकृष्ण रेड्डी ने कहा कि आज के विधि छात्रों की समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों तथा कानूनों के प्रति जागरूक करें और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाएं।
बालकृष्ण रेड्डी ने आगे कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को मानवाधिकारों के उचित उपयोग तथा उनकी सुरक्षा के संबंध में जागरूक होना चाहिए। विधि के विद्यार्थियों को संविधान एवं कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों की गहरी समझ विकसित करनी चाहिए, ताकि वे समाज में न्याय और अधिकारों की रक्षा में प्रभावी भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर तेलंगाना राज्य उच्च शिक्षा परिषद के कार्यालय में बैरिस्टर डॉ. मरियम कामिल को शॉल, पुष्पमाला, स्मृति-चिह्न एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विधि महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। विद्यार्थियों ने बैरिस्टर डॉ. मरियम कामिल से लंदन की न्याय व्यवस्था, वहां की कानूनी प्रक्रिया तथा कानून के व्यावहारिक स्वरूप से संबंधित प्रश्न पूछे गये। इस दौरान विद्यार्थियों और डॉ. कामिल के बीच प्रश्नोत्तर एवं विचार-विमर्श हुआ। इससे विद्यार्थियों को ब्रिटेन की न्याय व्यवस्था और वहां कानून के व्यावहारिक कार्यान्वयन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। इस अवसर पर तेलंगाना मेधावी मंच के राज्य शाखा अध्यक्ष डॉ. राज नारायण मुदिराज, सचिव डॉ. अत्तर अली, प्रोफेसर धर्मपाल, अधिवक्ता वसीयुद्दीन, डॉ. साजिव अली खान तथा समन्वयक जी. वेणुगोपाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें-
गौरतलब है कि बैरिस्टर डॉ. मरियम कामिल ने उस्मानिया विश्वविद्यालय से एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ स्नातक की उपाधि हासिल की। इसके पश्चात उन्होंने एक वर्ष तक भारत के मुख्य न्यायाधीश के न्यायिक सहायक के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अलावा उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय, लंदन से कानून के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त की तथा BCL, MPhil और PhD (Law) की उपाधियां अर्जित कीं। वर्तमान में वह लंदन की अदालतों में बैरिस्टर के रूप में वकालत कर रही हैं। विशेष रूप से मीडिया कानून से संबंधित मामलों में कार्यरत हैं। डॉ. मरियम कामिल ऐसे प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखती हैं, जिसकी कानून के क्षेत्र में लंबे समय से विशिष्ट परंपरा रही है। उनके पति भी लंदन की अदालतों में बैरिस्टर के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता वाजिद अली कामिल तेलंगाना उच्च न्यायालय तथा भारत के सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस करते हैं। उनके भाई इब्राहिम अली खान भी तेलंगाना उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं।

2 thoughts on “तेलंगाना मेधावी मंच की एक और बड़ी पहल, लंदन में कार्यरत प्रसिद्ध बैरिस्टर डॉ मरियम कामिल का किया भव्य रूप से सम्मानित, पढ़ें उनकी खास उपलब्धियां”