हैदराबाद: तेलंगाना ही नहीं पूरे देश में हड़कंप मचाने वाले रंगारेड्डी जिले के शाहबाद के 6 हत्याओं के मामले में खूंखार आरोपी राजकुमार (29) की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमें सघन अभियान चला रही हैं। अपने 2 बच्चों समेत 6 लोगों की बेहद क्रूरता से हत्या करने वाला यह आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए चप्पे-चप्पे पर छानबीन कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि छह लोगों की हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने पिता से फोन करके कहा कि वह भी आत्महत्या कर रहा है और इसके बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। इसी क्रम में पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि रंगारेड्डी जिले के तिम्मापुर रेलवे स्टेशन के पास उसने ट्रेन के नीचे आकर जान देने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन तेज गति से पास आते ही डरकर आखिरी समय में आत्महत्या का प्रयास छोड़कर वहां से भाग गया।
पुलिस को संदेह है कि ट्रेन के सामने से आत्महत्या का प्रयास नाकाम होने के बाद आरोपी राजकुमार अपने ठिकाने का पता न चलने देने के लिए बेंगलुरु शहर या फिर घने जंगल वाले श्रीशैलम की ओर भाग गया होगा। इसी के तहत उन इलाकों में विशेष टीमें भेजकर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस को तकनीकी जांच में पता चला है कि उसके पास चार सेलफोन और 16 सिमकार्ड हैं। हालांकि हत्या करने के बाद उसने एक भी सिमकार्ड का इस्तेमाल नहीं किया।
Also Read-
दूसरी ओर, इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ स्थानीय लोग यह भी आशंका जता रहे हैं कि आरोपी पहले से ही पुलिस की हिरासत में है और कानून-व्यवस्था की समस्या न हो इसलिए इसे आधिकारिक रूप से घोषित नहीं किया जा रहा है। दो मासूम बच्चों को भी न बख्शने वाले इस क्रूर व्यक्ति ने 6 लोगों की जान ली। वह आखिर कहां है। हत्यारा कहां है, इसे लेकर लोगों में बेचैनी है। जनता मांग कर रही है कि इस हत्यारे को किसी भी तरह जल्द पकड़कर फांसी की सजा दी जाए।
