हैदराबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के मद्देनजर तेलंगाना सरकार ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये है। प्रधानमंत्री शनिवार दोपहर 2 बजे विशेष विमान से दिल्ली से बेगमपेट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से इक्रिसैट पहुंचेंगे और स्वर्ण जयंती उत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद पौधों के संरक्षण के लिए क्लाइमेट चेंज रिसर्च सेंटर और रैपिड जनरेशन एडवांसमेंट फैसिलिटी लॉन्च करेंगे।

इसके बाद स्वर्ण जयंती लोगो का अनावरण करेंगे। इस दौरान एक विशेष डाक टिकट जारी करेंगे। इसके बाद वह वहां के वैज्ञानिकों से मुलाकात करेंगे। तत्पश्चात हेलीकॉप्टर से मुचिंतल पहुंचेंगे और श्री रामानुजाचार्य सहस्राब्दी समारोह में शामिल होंगे।
यज्ञशाला
प्रधानमंत्री शाम 5.15 बजे इक्रिशाट से हेलीकॉप्टर से यज्ञशाला पहुंचेंगे। शाम 5.30 से 6 बजे तक पूर्णाहुति कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद श्री रामानुजाचार्य की मूर्ति का अनवारण करेंगे। इस दौरान एक विशेष पूजा कार्यक्रम में भाग लेंगे और महोत्सव को संबोधित करेंगे। इसके बाद विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री 13 किमी सड़क मार्ग से शमशाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचें। अधिकारियों ने पहले ही घोषणा कर दी है कि उस समय मार्ग पर किसी को भी अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर विराजमान रामानुजाचार्य की 216 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद पर्यटक/श्रद्धालुओं को तीसरी मंजिल स्थित मुख्य प्रतिमा तक जाने की अनुमति दी जाएगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इस महीने की 13 तारीख को 120 किलोग्राम सोने की मूर्ति के दर्शन करेंगे। इसके अगले दिन से 54 इंच मूर्ति को देखने की अनुमति दी जाएगी। तब तक सभी को बाहर से देखना होगा। इसके अलावा परिसर में 108 दिव्य मंदिरों में विराजमान देवी-देवताओं की मूर्तियों के दर्शन और पूजा की भी अनुमति होगी। तब तक बाहर से दर्शन करना होगा।

7 हजार पुलिस बंदोबस्त
हाल ही में पंजाब में प्रधानमंत्री के काफिले के रोके जाने से पूरे देश में हड़कंप मच गया था। इस बात को ध्यान में रखते हुए तेलंगाना सरकार ने मोदी के हैदराबाद दौरे के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं। इसके लिए सात हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पहले से ही प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे एसपीजी अधिकारी प्रदेश पुलिस से कई बार मिल चुके हैं। प्रधानमंत्री के दौरे के रास्ते में गुरुवार को एडवांस सिक्योरिटी लाइसेंसिंग (एएसएल) शुरू किया है। मुचिंतल इलाके में अष्टकोणीय नाकाबंदी कर दी गई है। स्थानीय श्रीरामनगर में विशेष रूप से अत्याधुनिक कमान एवं नियंत्रण प्रणाली स्थापित की गई है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 महीने बाद तेलंगाना आ रहे हैं। 28 नवंबर 2020 को जीएचएमसी चुनावों के दौरान हैदराबाद का दौरा किया था। तब जीनोम वैली में भारत बायोटेक कोवैग्जीन वैक्सीन निर्माण केंद्र का दौरा किया था।
केंद्रीय बजट को लेकर सीएम केसीआर की ओर से हाल ही में की गई ताजा टिप्पणी ने टीआरएस और बीजेपी के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है। इस लिहाज से मोदी के तेलंगाना दौरे पर सबकी नजरें लगी हैं। मुचिंतल में होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी और सीएम केसीआर एक साथ मंच साझा करने वाले हैं। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत होगी या नहीं, यदि होगी तो किन मुद्दों पर और कैसी होगी? इसी को विषय को लेकर सबकी नजरें लगी हैं।

