गढ़चिरोली/हैदराबाद: कुछ समय से शांत चल रहे महाराष्ट्र के गढ़चिरोली एजेंसी क्षेत्र में एक बार फिर माओवादियों की गतिविधियों से हड़कंप मच गया है। जिले के भामरागढ़ तहसील क्षेत्र में कई मुख्य सड़कों और सरकारी इमारतों के पास माओवादियों द्वारा लगाए गए पोस्टर सामने आने से स्थानीय लोगों में डर और दहशत फैल गई है।
स्थानीय आदिवासियों के ‘जल, जंगल, जमीन’ अधिकारों की रक्षा और कई स्थानीय समस्याओं को लेकर विरोध में माओवादियों की उत्तर गढ़चिरोली डिवीजन कमेटी ने ये पोस्टर जारी किए हैं। माओवादियों ने केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों का विरोध करते हुए 30 जुलाई तक गढ़चिरोली जिले भर में बंद रखने का जनता और व्यापारियों से आह्वान किया है। पोस्टरों में कहा गया है कि आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी परिवहन और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
Also Read-
हालांकि, माओवादियों के बंद के आह्वान और पोस्टर पाये जाने के बाद गढ़चिरोली पुलिस और C-60 कमांडो दल तुरंत हरकत में आ गए। किसी भी अप्रिय घटना और हमले को रोकने के लिए सीमा क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। भामरागढ़, एटापल्ली और अहेरी के जंगलों में विशेष सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों से कहा कि बंद को लेकर लोग किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। एजेंसी क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह पुलिस के नियंत्रण में है। सीमा पर चेकपोस्टों पर वाहनों की जांच और सख्त कर दी गई है।
