हैदराबाद: महानगर के यात्रियों को दिवाली का तोहफा देते हुए सरकार ने खुशखबरी दी है। हर दिन मेट्रो और RTC बसों में सफर करने वालों को राहत देते हुए संयुक्त यात्रा पास की कीमतों को भारी घटाया है। अब तक रोजाना संयुक्त यात्रा पास की कीमत 400 रुपये थी, उसे घटाकर 275 रुपये कर दिया है। इसी तरह मासिक पास की कीमत 8,500 रुपये से सीधे घटाकर 4,000 रुपये कर दी है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के आदेश पर ये फैसला लिया गया है। मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि घटी हुई कीमतें 8 नवंबर से लागू होगी।
मंत्री ने आगे कहा कि लोगों पर यात्रा खर्च का बोझ घटाने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को और ज्यादा सुलभ बनाना ही सरकार का लक्ष्य है। रोजाना पास की कीमत घटने से यात्रियों को 125 रुपये का फायदा होगा। इस पास में मेट्रो यात्रा के लिए 200 रुपये और RTC यात्रा के लिए 75 रुपये तय किए हैं। इससे रोजाना चार सिंगल जर्नी करने की अनुमति होगी। नौकरियों, व्यापार और अन्य कामों के लिए रोज सफर करने वालों के लिए यह पास फायदेमंद होगा।
मासिक संयुक्त यात्रा पास की कीमत घटने से उपभोक्ताओं को पूरे 4,500 रुपये की बचत होगी। 8,500 रुपये वाला पास अब सिर्फ 4,000 रुपये में मिलेगा। इसमें मेट्रो यात्रा के लिए 3,000 रुपये और RTC यात्रा के लिए 1,000 रुपये तय किए हैं। मासिक पास से अधिकतम 50 मेट्रो सिंगल ट्रिप की अनुमति होगी। लेकिन RTC बसों में यात्रा के लिए कोई सीमा नहीं रखी है।
Also Read-
पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि इस मौके पर यात्रियों के आर्थिक फायदे को सरकार सबसे ज्यादा महत्व दे रही है। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का और ज्यादा उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना ही इस फैसले के पीछे मकसद है। इसी क्रम में रोजाना और मासिक पासों की कीमतें घटने से आम लोगों, कर्मचारियों और व्यापारियों को यात्रा खर्च का बोझ घटेगा। खास तौर पर मेट्रो और RTC सेवाओं को मिलाकर उपयोग करने वाले यात्रियों को ये दिवाली का तोहफा काफी राहत पहुंचाने वाला है।
