सूत्रधार साहित्यिक संस्था की अनोखी पहल, इस स्कूल के विद्यार्थियों में हिन्दी सुलेख माला पुस्तकों का वितरण

हैदराबाद : साहित्य, कला, संस्कृति, शिक्षा और समाज सेवा हेतु समर्पित अग्रणी राष्ट्रीय संस्था- ‘सूत्रधार साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था, हैदराबाद, भारत’ की ओर से जिला परिषद हाई स्कूल, यापराल, हैदराबाद के विद्यार्थियों को ‘हिन्दी सुलेख माला’ पुस्तक की 300 प्रतियां वितरित की गई। संस्थापिका सरिता सुराणा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि विद्यार्थियों में हिन्दी भाषा के प्रति रुचि जागृत करने और सुलेख को बढ़ावा देने हेतु इन पुस्तकों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के संयोजक विद्यालय के हिन्दी शिक्षक डॉ.राजीव कुमार सिंह ने अंग्रेजी की अध्यापिका शोभा रानी को अध्यक्षता करने हेतु मंच पर आमंत्रित किया। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में संस्था की अध्यक्ष सरिता सुराणा को और विशेष अतिथि के रूप में रवींद्र रेड्डी और खुशबू सुराणा को मंच पर आमंत्रित किया। समस्त अतिथियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय की बालिकाओं ने बहुत ही सुन्दर मधुर स्वर में सरस्वती वन्दना प्रस्तुत की। तत्पश्चात् शोभा रानी ने मुख्य अतिथि का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया और अपने स्वागत भाषण में संस्था के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि हमारे विद्यालय में हम विद्यार्थियों को समस्त सुविधाएं उपलब्ध करवाने और अच्छी शिक्षा और संस्कार देने हेतु प्रयासरत रहते हैं। यहां पर ज्यादातर बच्चे बहुत ही अभावग्रस्त घरों से आते हैं। बहुत से अनाथ और एकल अभिभावकों के बच्चे हैं। सरिता सुराणा ने अपने संबोधन में कहा कि उनका हमेशा यह प्रयास रहता है कि जरूरतमंद बच्चों के लिए कुछ किया जाए। उनकी संस्था के द्वारा समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बच्चों को शिक्षा का महत्त्व समझाया और सदैव अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने के लिए कहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अन्तर्गत बच्चों ने बहुत ही सुन्दर मधुर स्वर में हिन्दी गीतों और कविताओं की प्रस्तुति दी।

उसके बाद बच्चों को हिन्दी सुलेख माला पुस्तकों का वितरण किया गया और उन्हें सुलेख का महत्त्व समझाया गया। साथ ही साथ प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। बच्चों ने बहुत ही उत्साह से कार्यक्रम में भाग लिया। डॉ. राजीव ने बहुत ही कुशलतापूर्वक कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम के पश्चात् डॉ. राजीव और अन्य अध्यापकों ने विद्यालय की सम्पूर्ण गतिविधियों से मुख्य अतिथि को अवगत कराया। एक सरकारी विद्यालय में डिजिटल कक्षाएं और कम्प्यूटर लैब देखकर उन्हें बहुत प्रसन्नता हुई। उन्होंने आगे भी बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने का वादा किया। रवीन्द्र रेड्डी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में अध्यापक प्रभाकर राजू की भी उपस्थिति रही।कार्यक्रम बहुत ही आकर्षक और आनन्ददायक रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

Archives

Categories

Meta

'तेलंगाना समाचार' में आपके विज्ञापन के लिए संपर्क करें

X