हैदराबाद : विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्ता को साकार करते हुए डी. ए. वी. स्पोर्ट्स मीट क्लस्टर-1 का भव्य आयोजन 25 एवं 26 जुलाई को ब्रह्म प्रकाश डी. ए. वी. स्कूल, कंचनबाग के तत्वावधान में अत्यंत अनुशासित, उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में क्लस्टर-1 के 11 डी. ए. वी. विद्यालयों के 1,451 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास तथा उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के समापन पर डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, कुकटपल्ली ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि ब्रह्म प्रकाश डी. ए. वी. स्कूल, कंचनबाग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रनर-अप ट्रॉफी प्राप्त की। कार्यक्रम का शुभारम्भ आकर्षक मार्च-पास्ट, दीप प्रज्ज्वलन तथा खेल शपथ ग्रहण समारोह से हुआ। विद्यार्थियों के अनुशासन, तालमेल और उत्साह ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं दर्शकों को प्रभावित किया। जीत-हार से ऊपर उठकर प्रत्येक प्रतिभागी ने समर्पण, साहस, लगन, टीम भावना और खेल भावना का अनुकरणीय परिचय दिया। विद्यालय के प्राचार्य वी. एस. प्रशांत ने अपने संबोधन में बताया कि प्रतियोगिता में एथलेटिक्स सहित टीम एवं व्यक्तिगत वर्गों की कुल 18 खेल विधाओं का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, समयबद्धता, मानसिक दृढ़ता, सहनशीलता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करते हैं।
यह भी पढ़ें-
उन्होंने आयोजन की सफलता का श्रेय 26 शारीरिक शिक्षा शिक्षकों, 79 एस्कॉर्ट शिक्षकों, समस्त शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा अभिभावकों के सामूहिक सहयोग को दिया। सभी के समन्वित प्रयासों से यह खेल महोत्सव अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती के. मधुबाला, डी. ए. वी. सहायक क्षेत्रीय अधिकारी वी. एन. के. शेषाद्रि, प्राचार्य वी. एस. प्रशांत, एल. एम. सी. सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे तथा सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। डी. ए. वी. स्पोर्ट्स मीट – क्लस्टर-1 ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर ही जीवन की सबसे बड़ी पूँजी है और खेल सफलता की सशक्त सीढ़ी हैं। खेल प्रतिभा, अनुशासन और समग्र शिक्षा का यह भव्य आयोजन सभी प्रतिभागियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया।
