हैदराबाद : बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में बना कम दबाव का क्षेत्र तेज़ी से मज़बूत हुआ और ‘अर्नब’ तूफान में बदल गया। इस तूफान का असर तेलंगाना पर भी तेज रहने वाला है। पूरे राज्य में भारी से अति भारी बारिश के आसार को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है।
इसके चलते मुलुगु, भद्राद्रि-कोत्तागुडेम और खम्मम में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही जयशंकर-भूपालपल्ली, हनमकोंडा, महबूबाबाद, वारंगल और सिद्दिपेट में ऑरेंज अलर्ट, जबकि शेष सभी जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। बारिश की गंभीरता को देखते हुए निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
Also Read-
यानम के पास तट पार करने की संभावना
अधिकारियों के अनुसार यह भीषण तूफान बुधवार तक आंध्र प्रदेश के यानम के पास तट पार कर सकता है। तट पार करते समय तटीय क्षेत्रों में 115 से 125 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का खतरा है।
समुद्र में तेज हलचल रहने की वजह से मछुआरों को समुद्र में न जाने की हिदायत आपदा प्रबंधन विभाग ने दी है। इस तूफान के चलते परसों से लगातार तीन दिनों तक पूरे आंध्र प्रदेश में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। तटीय जिलों में लोगों को पहले से ही अलर्ट कर दिया गया है।
