हैदराबाद : गोशामहल से बीजेपी के विधायक टी. राजा सिंह ने कहा कि तेलंगाना की संस्कृति और परंपराओं में बोनालु पर्व का विशेष महत्व है। तेलंगाना मेधावी फोरम की राज्य शाखा के तत्वावधान में शुक्रवार को राजा सिंह के निवास स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पिछले 33 वर्षों से लगातार गोलकोंडा, सुल्तानसाई, गौलीपुर के मंदिरों के साथ-साथ विभिन्न जिलों और पुराने शहर में बोनालु पर्व के अवसर पर पोतराजु की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर अपनी सेवाएं दे रहे सोम विजय कुमार मुदिराज का विधायक राजा सिंह ने शाल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पमाला से भव्य सम्मान किया और उन्हें बधाई दी। इस कार्यक्रम में राजा सिंह ने कहा कि आषाढ़ मास में मनाए जाने वाले माता के बोनालु पर्व और जुलूस को भव्य रूप से आयोजित किया जाता है। उन्होंने आह्वान किया कि हर साल की तरह इस साल भी बोनालू शोभायात्रा और उत्सव को भाईचारे, एकता और उत्साह के साथ मनाया जाए।

इस दौरान पोतराजु सोम विजय कुमार ने कहा कि पिछले 33 वर्षों से पोतराजु के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसकी पहचानकर सम्मानित करने के लिए वह राजा सिंह, तेलंगाना मेधावी फोरम के राज्य अध्यक्ष डॉ. राज नारायण मुदिराज तथा फोरम के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। पोतराजु ने यह भी बताया कि वे कई वर्षों से बोनालु पर्व के अवसर पर गोलकोंडा एलम्मातल्ली और गौलीपुर किला मैसम्मा देवी माता के आशीर्वाद से अन्न प्रसाद कार्यक्रमों का भी आयोजन करते आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें-
इस संदर्भ में तेलंगाना मेधावी फोरम के राज्य अध्यक्ष डॉ. राज नारायण मुदिराज ने विधायक टी. राजा सिंह का भी शाल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पमाला से सम्मान किया और बधाई दी। इस कार्यक्रम में टीसीसी राज्य शाखा के उपाध्यक्ष के. रविंदर, कोऑर्डिनेटर जी. वेणुगोपाल, बिच्चुकारी सूर्य, महेश, साईंराम, जगदीश चारी, हर्ष यादव सहित अन्य उपस्थित रहे। सभी ने पोतराजु सोम विजय कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं
