
हैदराबाद : राजभाषा विभाग स्वर्ण जयंती पर हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में देश के हिंदीतर भाषी क्षेत्र के युवा वर्ग को प्रोत्साहित करने हेतु सितंबर 2025 में हिंदीतर भाषी राज्यों के युवाओं के लिए निशुल्क प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता (हिंदी, भारत, भारतीय भाषाओं, संस्कृति, साहित्य और सामान्य ज्ञान संबंधित विषय) आयोजित की जा रही है। केंद्रीय हिंदी संस्थान, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा और भारतीय भाषा मंच के तत्वावधान में वैश्विक हिंदी परिवार द्वारा यह प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वैश्विक हिंदी परिवार हिंदी भाषा और साहित्य के लिए प्रतिबद्ध संगठन है।

इसमें 70 से अधिक देशों के हिंदी से जुड़े विचारक, साहित्यकार तथा भाषाकर्मी जुड़ें हैं। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य हिंदीतर भाषी क्षेत्र के युवाओं के भारत और हिंदी के रिश्ते को और मज़बूत करना है। राष्ट्रीय समन्वय और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना इस प्रतियोगिता का उद्देश्य है। प्रतियोगिता में जो सवाल पूछे जाएँगे वे हिंदी, भारतीय अस्मिता, सांस्कृतिक परिवेश, सामाजिक सौहार्दता के साथ प्रादेशिक मूल्यों से जुड़े होंगे।
यह भी पढ़ें-
युवाओं के सामान्य ज्ञान संवर्धन, भाषायी ज्ञान और देश के बारे में उनकी जानकारी को बढ़ाने में यह प्रतियोगिता मील का पत्थर साबित होगी। प्रतिभागियों को पहले से 300 प्रश्नों के प्रश्न बैंक दिए जाएँगे। उन्हीं में से चुनिंदा 50 सवाल पूछे जाएँगे। प्रतिभागी रजिस्ट्रेशन के बाद इस प्रश्न बैंक को वैश्विक हिंदी परिवार की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए उन्हें सामान्य जानकारी भरनी है- जैसे उनका नाम, कॉलेज / संस्थान / विश्वविद्यालय का नाम, प्रतिभागी की कक्षा, मातृभाषा, उम्र, मोबाइल क्रमांक तथा प्रदेश का नाम आदि।
प्रतियोगिता के नियम इस प्रकार हैं-
- इसमें 18 से 25 वर्ष (14.09.2025 – Cut off date – आयु) के युवा इसमें भाग ले सकेंगे।
- प्रतियोगिता प्रश्नोत्तरी के रूप में होगी। प्रतिभागियों को 50 बहु विकल्पी (Objective type) प्रश्न दिए जाएंगे जिसके चार विकल्पों में से उन्हें एक सही उत्तर का चयन करना होगा। प्रतियोगिता की अवधि 30 मिनट होगी जिसके बाद लिंक स्वयं ही बंद हो जाएगा।
- प्रतिभागियों को पहले से 300 प्रश्नों का प्रश्न बैंक उपलब्ध कराया जाएगा जिसमें भारतीय भाषाओं, संस्कृति, साहित्य और सामान्य ज्ञान संबंधित विषयों के प्रश्न होंगे। इन्हीं प्रश्नों में से प्रतिभागियों से प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न बैंक वैश्विक हिंदी परिवार की वेबसाइट (Vaishvikhindi.com) पर उपलब्ध होगा जिसका लिंक दिया जाएगा।
- प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 28.09.2025 होगा और यह प्रतियोगिता निशुल्क होगी।
- प्रतियोगिता के परिणाम के आधार पर प्रतिभागियों को निम्नलिखित वर्ग (ग्रेड) देते हुए प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। प्रमाणपत्र उनके द्वारा दी गई ई-मेल आईडी पर उन्हें प्राप्त हो जाएंगे।
75% से 100% – उत्कृष्ट
60% से 74% – बहुत अच्छा
50% से 59% – अच्छा
40% से 49% – संतोषजनक
39% से कम – प्रतिभागिता प्रमाणपत्र
- उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा प्रतिभागियों का वैश्विक हिंदी परिवार द्वारा अभिनंदन किया जाएगा।
- प्रत्येक राज्य के प्रतिभागियों के दो वर्ग हिंदी का अध्ययन करने वाले विद्यार्थी एवं अन्य विषयों का अध्ययन करने वाले विद्यार्थी होंगे।
- प्रश्न पत्रों का स्तर राजभाषा विभाग के ख क्षेत्र (महाराष्ट्र, गुजरात, चंडीगड़, पंजाब, दमन एवं दीव, दादरा व नागर हवेली) एवं ग क्षेत्र (असम, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, गोवा, पश्चिम बंगाल, मिजोरम, मेघालय, मणिपुर, तमिलनाडु, तेलंगाना ओड़िशा, सिक्किम, नागालैंड, त्रिपुरा, लक्षद्वीप, जम्मू और कश्मीर, पुदुचेरी, लद्दाख) के अनुसार होगा।
इच्छुक प्रतिभागी वैश्विक हिंदी परिवार की वेबसाइट के पंजीयन लिंक पर क्लिक करके अथवा दिए गए लिंक पर क्लिक करके प्रतियोगिता हेतु रजिस्ट्रेशन करके प्रश्न बैंक प्राप्त कर सकते हैं।
