हैदराबाद: देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। तेलंगाना में भी वायरस गंभीर है। सोमवार को कोरोना के 1,825 मामले सामने आये हैं। फिलहाल तेलंगाना में करीब 15,000 एक्टिव केस हैं। फिल्मी हस्तियां और नेताओं के साथ-साथ आम जनता भी कोरोना से पीड़ित हैं।
हाल ही में मंचू लक्ष्मी, महेश बाबू, बंडला गणेश, थमन और टीपीसीसी अध्यक्ष रेवंत रेड्डी और अन्य नेता पहले ही वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
इसी क्रम में तेलंगाना के एक और मंत्री जगदीश रेड्डी कोरोना संक्रमित हो गये। फिलहाल उनका होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि जो लोग उनसे हाल ही में मिले हैं, वे कोरोना टेस्ट कर लें।
दूसरी ओर देशभर में कोरोना वायरस के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। फिर भी रविवार के मुकाबले सोमवार को केस कम दर्ज हुए हैं। पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 1 लाख 68 हजार 63 नए केस मिले हैं। वहीं, 69 हजार 959 मरीज ठीक हुए हैं। 277 लोगों की मौत हो गई है। रविवार को एक लाख 80 हजार के करीब मरीज आए थे।
