हैदराबाद (डॉ. आशा शर्मा की रिपोर्ट) : इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय महिला डिग्री कॉलेज (स्वायत्त), नामपल्ली, हैदराबाद में हिंदी दिवस का आयोजन बड़े उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर कवि, समीक्षक और पत्रकार प्रो. ऋषभदेव शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

ऋषभदेव शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ अत्यंत संवादात्मक एवं प्रभावशाली शैली में विचार-विमर्श करते हुए हिंदी दिवस की पृष्ठभूमि, प्रभाव, प्रासंगिकता एवं उद्देश्य से संबंधित लगभग सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उनके व्याख्यान ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व को समझने एवं उसे व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. चंद्रा मुखर्जी ने अपने संबोधन में हिंदी को सार्वदेशिक संपर्क भाषा के रूप में अपनाने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा, राष्ट्रभाषा एवं अंतरराष्ट्रीय भाषा – तीनों का समान रूप से सम्मान एवं अध्ययन करना चाहिए, जिससे समग्र व्यक्तित्व विकास संभव हो सके।
Also Read-
समारोह के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें काव्य-पाठ, नृत्य, नाटक एवं लघु-नाटिका शामिल थे। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक एवं जीवंत बना दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह एवं प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहन मिला।

इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्षों एवं संकाय सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह आयोजन हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता, सम्मान एवं रुचि उत्पन्न करने में पूर्णतः सफल रहा।
