हैदराबाद : वीरानारी चाकली ऐलम्मा महिला विश्वविद्यालय (Veeranari Chakali Ilamma Women’s University) की कुलपति एवं प्रसिद्ध शिक्षाविद् और साहित्यकार प्रोफेसर सूर्य धनंजय ने कहा कि शांति और धार्मिक सद्भाव की प्रतीक हैदराबाद नगरी हम सभी के लिए एक आदर्श है। कुलपति ने सोमवार को कोठी स्थित चाकली ऐलम्मा महिला विश्वविद्यालय में तेलंगाना मेधावी फोरम, राज्य शाखा की ओर से अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया।

प्रोफेसर सूर्य ने विभिन्न उदाहरण देते हुए आगे कहा कि बच्चों को विद्यार्थी जीवन से ही शांति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मल्लेशम ने कहा कि नई पीढ़ी को देश की स्वतंत्रता के लिए महात्मा गांधी द्वारा किए गए संघर्ष और बलिदानों का अध्ययन करना चाहिए तथा देश की एकता और विकास के लिए योगदान देना चाहिए।

तेलंगाना मेधावी फोरम के राज्य अध्यक्ष डॉ. राज नारायण मुदिराज ने कहा कि तेलंगाना राज्य से प्रत्येक वर्ष एक व्यक्ति को प्रदान किए जाने वाले ग्लोबल पीस अवॉर्ड के लिए इस वर्ष चाकली ऐलम्मा महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सूर्य धनंजय का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने शांति को ही अपना हथियार बनाकर देश के स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व किया और भारत को स्वतंत्रता दिलाई।
यह भी पढ़ें-
गौरतलब है कि कुलपति सूर्य धनंजय एक प्रसिद्ध शिक्षाविद्, साहित्यकार और प्रशासक हैं। उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय से एम.ए., एम.फिल. और पीएच.डी. की शिक्षा पूरी की। साथ ही उस्मानिया विश्वविद्यालय के तेलुगु विभाग की अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उन्होंने पिछले 26 वर्षों से उस्मानिया विश्वविद्यालय के तेलुगु विभाग में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी तथा ओयू महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक के रूप में भी सेवाएं दी हैं। उन्होंने तेलुगु साहित्य के क्षेत्र में 29 पुस्तकें लिखी हैं। इसके अलावा प्रो. धनंजय के मार्गदर्शन में 27 शोधार्थियों ने पीएच.डी. प्राप्त की है। उन्होंने 60 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग लेते हुए 86 शोध-पत्र प्रस्तुत/प्रकाशित किए हैं और कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए हैं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओएसडी डॉ. विजयलक्ष्मी, प्राचार्या डॉ. लोका पावनी, डॉ. प्रेमलता, परीक्षा नियंत्रक डॉ. शशिकला, प्रो. कृष्णाजी राव, लायंस क्लब ऑफ हैदराबाद समर्पण के निदेशक लायन प्रेमचंद जैन, समन्वयक सूर्य बिच्चुकारी और जी. वेणुगोपाल सहित लेक्चरर्स, प्रोफेसर्स और छात्राओं ने प्रो. सूर्य धनंजय को पुरस्कार प्राप्त करने पर बधाई दी।
