‘नई पीढ़ी’ के संस्थापक शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी आरएमएल अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती, शुभचिंतक कर रहे हैं शीघ्र ही स्वस्थ होने की कामना

लखनऊ/हैदराबाद : वर्ष 1997 में प्रयागराज के प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘अमृत प्रभात’ के सम्पादकीय विभाग से अपनी पत्रकारिता यात्रा प्रारम्भ करने वाले वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ‘नई पीढ़ी’ के संस्थापक एवं राइटर्स एंड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव शिवेंद्र प्रकाश द्विवेदी इन दिनों डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएल), लखनऊ के इमरजेंसी विभाग में भर्ती हैं। पारिवारिक सदस्यों के अनुसार, 28 मई को संक्रमण एवं तेज बुखार से पीड़ित होने के कारण उन्होंने वाराणसी के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया था। वहां स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार न होने पर उन्हें 9 जून को लखनऊ रेफर कर दिया गया। 9 जून की शाम लगभग 5 बजे से 6:45 बजे तक वह गंभीर बुखार की अवस्था में आरएमएल अस्पताल में स्ट्रेचर पर थे। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल एवं उनकी टीम की तत्परता से उन्हें समय पर आवश्यक सरकारी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकीं।

गौरतलब है कि वर्ष 1999 में मात्र 21 वर्ष की आयु में प्रयागराज से सामाजिक पत्रिका ‘मधुर सौगात’ का सम्पादन एवं प्रकाशन प्रारम्भ करने वाले द्विवेदी ने लगभग एक दशक तक इस पत्रिका का सफल संचालन किया। इस पत्रिका के प्रशंसकों में स्वर्गीय डॉ. जगदीश गुप्ता, वरिष्ठ साहित्यकार स्वर्गीय अजामिल, कैलाश कल्पित, वरिष्ठ राजनीतिज्ञ स्वर्गीय केशरी नाथ त्रिपाठी, श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी, डा. सोने लाल पटेल तथा प्रमोद तिवारी सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल रहे हैं। वर्ष 2008 में लखनऊ से द्विवेदी ने नई पीढ़ी के उत्थान को समर्पित समाचार पत्र ‘नई पीढ़ी’ का शुभारंभ किया। इसके बाद वर्ष 2012 में उन्होंने ‘संयुक्त व्यापार’ नामक हिंदी व्यवसायिक पत्रिका की शुरुआत की। तत्पश्चात दिल्ली से राष्ट्रीय स्तर पर ‘नई पीढ़ी’ मासिक समाचार पत्रिका तथा प्लास्टिक उद्योग की प्रमुख पत्रिका “Plastics Today” का सम्पादन एवं प्रकाशन आरम्भ किया। उनके मार्गदर्शन में एक डेली न्यूज पोर्टल तथा वेब न्यूज चैनल का संचालन भी किया जा रहा है।

राष्ट्रीय स्तर पर लेखकों और पत्रकारों के साझा मंच “राइटर्स एंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (WAJA INDIA)” के संस्थापक महासचिव के रूप में भी शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जिसके वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष पत्रकारिता में ईमानदारी के प्रतिष्ठित हस्ताक्षर पी. बी. वर्मा हैं। इसकी संस्थापक अध्यक्ष देश की सुप्रसिद्ध बाल साहित्यकार स्वर्गीय श्रीमती शशि अरुण थीं, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की पूज्य माताजी थीं। वाजा इंडिया उ. प्र. के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यकार एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक महेश चन्द्र द्विवेदी हैं। नई पीढ़ी के विकास एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी ने ‘नई पीढ़ी फाउंडेशन’ की स्थापना भी की है, जिसके माध्यम से विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जाती हैं। द्विवेदी की पत्रकारिता के 20 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हिंदी दैनिक ‘सामना’ (मुंबई) के वरिष्ठ स्तंभकार राजेश विक्रांत तथा कोलकाता से प्रकाशित प्रसिद्ध हिंदी दैनिक ‘सन्मार्ग’ के मुख्य उप-संपादक कमलेश पाण्डेय के संपादन में मनसा पब्लिकेशन द्वारा “लेखन-पत्रकारिता के सुदृढ़ सेतु : शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी” नामक पुस्तक का प्रकाशन भी किया गया। इस पुस्तक का लोकार्पण 23 अप्रैल 2018 को यूपी प्रेस क्लब, लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा के तत्कालीन अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित के करकमलों द्वारा सम्पन्न हुआ था।

यह भी पढ़ें-

वाराणसी मे “नई पीढ़ी प्लास्ट संकल्प अभियान” के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को लेकर एक राष्ट्रीय आंदोलन खड़ा करने के प्रयासों में जुटे हुए थे। किंतु अस्वस्थता के कारण वे स्वयं इस अभियान के प्रमुख कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। ऐसे में उनके इस संकल्प को उनके गुरु एवं मार्गदर्शक, श्री काशी विश्वनाथ ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष पद्मश्री हरिहर कृपालु त्रिपाठी महाराज ने आगे बढ़ाते हुए पूर्ण कराया। वह कबीर की तरह अपनी धुन में मगन एक ऐसे विरले पत्रकार हैं जिन्होने लखनऊ व नई दिल्ली से प्रकाशित कुल चार पत्र/पत्रिकाओं के संपादक व प्रकाशक होने के बावजूद अपने पूरे जीवन में मूल्यों की पत्रकारिता की, चाटुकारिता व दरबारी पत्रकारिता यहां तक की सरकारी विज्ञापनों से भी वह सदैव दूर रहे। वह अभी तक अपना आयुष्मान कार्ड तक नहीं बनवाये हैं, न ही कभी किसी मान्यता के चक्कर में पडे! उनके शुभचिंतक, सहयोगी, पत्रकार, साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। द्विवेदी के पत्र पत्रिकाओं की फैन फालोंइंग देश के करीब अठारह राज्यों में है. ज्यादा तर लोग उन्हें एक यायावर और फक्कड़ वैचारिक पत्रकार के रूप में जानते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

    Archives

    Categories

    Meta

    'तेलंगाना समाचार' में आपके विज्ञापन के लिए संपर्क करें

    X