हैदराबाद : संगीत साधना म्यूजिक इंस्टिट्यूट जो गंधर्व महाविद्याल मुंबई द्वारा संलग्न है, का दीक्षांत समारोह का आयोजन आगामी 7 फरवरी को शाम 6 बजे से दत्ता नगर, कंचनबाग स्थित इंस्टिट्यूट में किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर ऋषभदेव शर्मा द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही वे शास्त्रीय संगीत के महत्व पर प्रकाश डालेंगे।

आयोजकों ने यह भी बताया कि हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को प्रोत्साहित करने और संगीत प्रेमियों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर संगीत साधना म्यूजिक इंस्टिट्यूट के छात्र अपनी गुरु माँ श्रीमती शुभ्रा मोहान्तो के साथ रागाधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रोताओं को शास्त्रीय संगीत की सुरमयी यात्रा पर ले जाएंगे।

यह भी पढ़ें-

इस कार्यक्रम में आरुषि शर्मा, सरन्या, ईशानी एवं संघा मित्रा द्वारा राग खमाज, सस्मिता नायक द्वारा राग मल्हार, रिचा चौधरी द्वारा गुरु भजन, दर्शनी बाबू द्वारा रागाधारित गीत, कल्पना डांग द्वारा भजन तथा अंकिता तिवारी द्वारा राग दरबारी व रागाधारित भजन प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह आयोजन शास्त्रीय संगीत की परंपरा को आगे बढ़ाने और युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
