हैदराबाद: ‘ट्रंप टावर्स’ के नाम से साउथ इंडिया की सबसे ऊंची रेजिडेंशियल बिल्डिंग्स हैदराबाद में बनाई जाएंगी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन, ट्रिबेका डेवलपर्स और आईरा रियल्टी कंपनियों ने मिलकर रंगारेड्डी जिले के गंडीपेट मंडल के कोकापेट गोल्डन माइल रोड पर सर्वे नंबर 109 में ये टावर्स बनाने का फैसला किया है।

फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट, हाईटेक सिटी और ओआरआर के पास कुल 4 एकड़ जमीन पर 65 मंजिलों के साथ 242 मीटर ऊंचे टावर्स बनाये जाएंगे। इस परियोजना को तेलंगाना रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। जल्द होने वाले भूमि पूजन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के परिवार के सदस्य शामिल होंगे।

इन टावर्स में 450 से ज्यादा बेहद महंगे 3 और 4 BHK फ्लैट होंगे। डबल-हाइट सिम्प्लेक्स रेजिडेंसेस और 16 पेंटहाउस भी बनाए जाएंगे। हर यूनिट के लिए प्राइवेट लिफ्ट लॉबी होगी। कुल 22 लाख स्क्वायर फीट में टावर्स का निर्माण होगा। 28वीं मंजिल पर दोनों टावर्स को जोड़ने वाला सस्पेंडेड स्काई ब्रिज इस बिल्डिंग की सबसे बड़ी खासियत होगी।

Also Read-
इन अपार्टमेंट्स की कीमत प्रति फ्लैट करीब 5 करोड़ से 18 करोड़ रुपये तक होगी। पेंटहाउस की कीमतें 30 करोड़ से 62 करोड़ रुपये तक तय की गई हैं। पहले ही 8 पेंटहाउस बिक चुके हैं, जिनमें से एक 62 करोड़ रुपये में बिका है। सिर्फ पेंटहाउस की बिक्री से ही 250 करोड़ रुपये की कमाई होने का अनुमान है। जमीन सहित पूरे टावर्स के निर्माण पर लगभग 2000 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि कुल 4200 करोड़ रुपये की आमदनी होने की उम्मीद है।

रेरा ने आदेश जारी किया है कि इसे 15 मई 2031 तक पूरा करके खरीदारों को सौंपा जाए। ट्रिबेका डेवलपर्स और आईरा रियल्टी ने कहा कि वे तीन साल में निर्माण पूरा कर दिया जाएगा। देश में ट्रंप टावर्स के नाम से पहले ही 8 प्रोजेक्ट घोषित कर चुकी ट्रिबेका डेवलपर्स, साउथ इंडिया में पहली बार ट्रंप के नाम से हैदराबाद में ये टावर्स बना रही है। ट्रिबेका डेवलपर के फाउंडर कल्पेश मेहता ने बताया है कि हैदराबाद में एक प्रोजेक्ट शुरू करना चाहते थे और अब संभव हो पाया है।
