हैदराबाद : ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को नामपल्ली, हैदराबाद में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय को मजबूत करने तथा तेलंगाना राज्य कार्यकारिणी के गठन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की कोषाध्यक्ष अतुल कपूर, ग्रापए तेलंगाना के अध्यक्ष एफ. एम. सलीम, सह प्रभारी राजन्ना, कार्यकारिणी सदस्य अरशद मोहिउद्दीन, परामर्शी नईम गौरी सहित अनेक पत्रकार उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी की कोषाध्यक्ष अतुल कपूर ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और कर्नाटक जैसे राज्यों में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसी प्रकार तेलंगाना में भी संगठन को मजबूत बनाते हुए पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।

परामर्शी नईम गौरी ने कहा कि संगठन पत्रकारों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर नियमित कार्यशालाओं का आयोजन करेगा। उन्होंने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल पत्रकारिता, तथ्य जांच (फैक्ट-चेकिंग) तथा नई मीडिया तकनीकों से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा तथा ऑनलाइन कार्यशालाओं के माध्यम से देश-विदेश के पत्रकारों के बीच समन्वय और ज्ञान का आदान-प्रदान बढ़ाया जाएगा।
Also Read-
ग्रापए तेलंगाना के अध्यक्ष एफ. एम. सलीम ने कहा कि संगठन आगामी नवंबर माह तक तेलंगाना राज्य कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी कर लेगा। इसके बाद राष्ट्रीय नेतृत्व और राष्ट्रीय प्रतिनिधियों की उपस्थिति में एक राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन के भविष्य के कार्यक्रमों और विस्तार की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

सह प्रभारी राजन्ना ने पत्रकारों की मान्यता (एक्रिडिटेशन) से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि राज्य के अनेक पत्रकार अभी भी मान्यता संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने के लिए संगठन ठोस पहल करेगा।
कार्यकारिणी सदस्य अरशद मोहिउद्दीन ने पत्रकारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि संगठन राज्य सरकार के समक्ष पत्रकारों के लिए विशेष स्वास्थ्य योजनाओं, चिकित्सा बीमा तथा अन्य कल्याणकारी सुविधाओं की मांग रखेगा, ताकि पत्रकार और उनके परिवार सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जी सकें।
यह भी पढ़़ें-
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने भी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने, अधिक से अधिक पत्रकारों को जोड़ने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा पेशेवर दक्षता बढ़ाने के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर अपने सुझाव दिए। सभी सदस्यों ने संगठन को सशक्त बनाने और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
