टीजीएसआरटी कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, मंत्रिमंडल की बैठक पर सब की नजरें और जानें बहुत कुछ…

हैदराबाद: तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (TGSRTC) के कर्मचारियों का हड़ताल आज तीसरे दिन भी जारी है। हड़ताल के दूसरे दिन तेलंगाना में तीन ड्राइवरों ने आत्महत्या करने की कोशिश की। इनमें से एक की मौत हो गई। जबकि एक की हालत चिंताजनक बताई गई है। खबर है कि शुक्रवार को होने वाले मंत्रिमंडल की बैठक इस हड़ताल पर फैसला लिया जाएगा।

गौरतलब है कि वरंगल के नरसंपेट बस स्टैंड से सामने 55 साल के बस चालक शंकर गौड़ ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। आग लगने से वह 80 फीसदी तक झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, उसकी मौत हो गई। गौड विरोध कर रहे कर्मचारियों के एक समूह का हिस्सा थे। उन्होंने अचानक अपने बैग से पेट्रोल की एक बोतल निकाली और उसे अपने ऊपर डाला। दोपहर करीब 12 बजे खुद को आग लगा ली।

इसी क्रम में भद्राद्री कोत्तागुडेम जिले के जी. लिंगा रेड्डी और मिरयालगुडा के वेंकन्ना ने भी विरोध प्रदर्शनों के दौरान आत्महत्या करने की कोशिश की। रेड्डी ने एक जहरीला पदार्थ पी लिया और उनकी हालत गंभीर है। वहीं वेंकन्ना की हालत स्थिर है। रेड्डी के दोस्त और साथी कर्मचारी आर. नागभूषणम ने बताया कि रेड्डी खम्मम के एक निजी अस्पताल में गंभीर हालत में हैं।

मृतक बस चालक शंकर गौड़

आपको बता दें कि कर्मचारियों ने बुधवार को राज्य की कांग्रेस सरकार के साथ 32 मुख्य मांगों पर बातचीत विफल होने के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। इन मांगों में निगम का सरकार में विलय और 30 फीसदी वेतन वृद्धि सहित अन्य बातें शामिल हैं। मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की चिंताओं के प्रति सहानुभूति रखती है और शुक्रवार को उनके साथ बातचीत करेगी।

पोंगुलेटी ने बताया कि यूनियनों के साथ चर्चा करने के लिए उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बीआरएस सरकार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके लाभ जारी नहीं किए हैं। इससे पहले मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि कर्मचारियों की 29 मांगों को तुरंत मान लिया जाएगा। बाकी अन्य तीन मांगों को शुक्रवार को होने वाले मंत्रिमंडल की बैठक में फैसला लिया जाएगा।

ड्राइवर शंकर गौड़ की मौत पर सीएम ने जताया गहरा दुख

दूसरी ओर रेवंत रेड्डी ने आरटीसी ड्राइवर शंकर गौड़ की अचानक मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने गहरा दुख जताते हुए कहा कि सरकार की तरफ से शंकर गौड़ के परिवार को हर मुमकिन मदद की जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पल में लिए गए इस फैसले ने एक परिवार को दुख में झोक दिया है। मैं शंकर गौड़ की आत्मा की शांति और उनके परिवार वालों को इस मुश्किल समय में हिम्मत और ताकत देने की दुआ करता हूं। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि सरकार आरटीसी कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान दे रही है और उनकी समस्याओं को हल करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों से बातचीत करेगी और किसी भी समस्या का हल बातचीत से निकाला जाएगा। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों से अपील की कि वे आत्महत्या जैसे कदम न उठाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

    Archives

    Categories

    Meta

    'तेलंगाना समाचार' में आपके विज्ञापन के लिए संपर्क करें

    X