
हैदराबाद : रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग के अधीन रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम मिश्रा धातु निगम लिमिटेड (एमआईडीएचएएनआई) ने अपने कंचनबाग इकाई परिसर में एलपीजी यार्ड से गैस रिसाव की काल्पनिक आपात स्थिति पर आधारित वार्षिक बहु-एजेंसी मॉक अभ्यास का सफलतापूर्वक आयोजन किया।

इस अभ्यास का उद्देश्य औद्योगिक आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आपदा-पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय का आकलन करना था। यह अभ्यास विभिन्न आपात कालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को गंभीर परिस्थितियों से निपटने हेतु अपनी तैयारियों एवं समन्वित कार्यप्रणाली का प्रदर्शन करने का अवसर भी प्रदान करता है।

मॉक अभ्यास में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), स्थानीय पुलिस, तेलंगाना राज्य अग्निशमन सेवाएं, एमआईडीएचएएनआई के अग्नि एवं सुरक्षा, यूटिलिटी, सुरक्षा, मानव संसाधन तथा चिकित्सा (एफएसी) विभागों के साथ-साथ भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (बीडीएल) की अग्निशमन सेवा इकाई ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

Also Read

इस अभ्यास की निगरानी एमआईडीएचएएनआई के निदेशक (उत्पादन एवं विपणन) पी. बाबू, महाप्रबंधक (उत्पादन) के. आनंद कुमार, सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट पी. सुभाष, कंपनी कमांडर वी.एस.के.आर. राव, एनडीआरएफ के उप-कमांडेंट मनोहर सिंह, एमआईडीएचएएनआई के अपर महाप्रबंधक (प्रभारी-सुरक्षा) पी. रमेश तथा उप महाप्रबंधक (सुरक्षा) एन. शेषागिरि राव की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

मॉक अभ्यास के सफल आयोजन ने औद्योगिक आपात स्थितियों के प्रभावी प्रबंधन हेतु सभी सहभागी एजेंसियों की उच्च स्तरीय तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली तथा उत्कृष्ट समन्वय क्षमता को प्रदर्शित किया। ऐसे अभ्यास एमआईडीएचएएनआई की अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा, संरक्षा एवं परिचालन उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करते हैं।




