हैदराबाद : ब्रह्मर्षि सेवा समाज, हैदराबाद की कार्यकारिणी की विशेष बैठक महासचिव पंकज कुमार, सीए के निवास स्थान, 703, अपर्णा टावर में अध्यक्ष इंद्रदेव सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के उपरांत महासचिव पंकज कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बैठक में मुख्य रूप से नवरात्रि के अवसर पर माता की चौकी एवं डांडिया नृत्य तथा आगामी दीपावली मिलन समारोह के आयोजन पर चर्चा की गई।
सर्वविदित है कि ब्रह्मर्षि सेवा समाज, हैदराबाद विगत कई वर्षों से नवरात्रि के पावन अवसर पर माता की चौकी एवं डांडिया नृत्य का आयोजन करता रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से समाज के सदस्य न केवल माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं, बल्कि आपसी एकता एवं सद्भाव को सुदृढ़ करते हुए अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति आस्था भी प्रकट करते हैं।
बैठक में उपस्थित समाज के सहसचिव मुकेश कुमार, पूर्व अध्यक्ष गोविंद राय, सुजीत ठाकुर, मानवेंद्र मिश्र, कार्यकारिणी सदस्य प्रेमशंकर सिंह, विनोद राय, अमर सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष सुधा राय, पूर्व महिला अध्यक्ष डॉ. आशा मिश्रा तथा प्रियंका सिंह सहित अन्य सदस्यों ने इस विषय पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। चर्चा के पश्चात सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज की परंपरा को अक्षुण्ण रखते हुए 17 अक्टूबर को समाज द्वारा निर्मित श्री परशुराम मंदिर, जगतगीरिगुट्टा में माता की चौकी एवं डांडिया नृत्य का भव्य आयोजन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें-
यह कार्यक्रम सायं 4:30 बजे प्रारंभ होगा। सर्वप्रथम माता की चौकी के अंतर्गत माता रानी के भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात डांडिया एवं गरबा नृत्य के माध्यम से उत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार, फलाहार एवं भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी।
आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए समाज के सदस्यों को विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं साथ ही समाज के अपने परशुराम मंदिर के व्यवस्था समिति को कार्यक्रम के सुचारु संचालन हेतु मंदिर से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगे तथा आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग देंगे।
बैठक के अंत में अध्यक्ष इंद्रदेव सिंह ने समाज के सभी सदस्यों को सादर आमंत्रित करते हुए आग्रह किया कि वे सपरिवार उपस्थित होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा आयोजन की शोभा बढ़ाएँ। उन्होंने समाज के सभी बंधु-बांधवों से इस सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की।
