नागोया : जापान के आइची प्रीफेक्चर के नागोया शहर में चल रहे एशियन गेम्स में भारतीय शूटर शानदार प्रदर्शन से मेडलों की फसल उगा रहे हैं। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत वर्ग में युवा शूटर हिमांशु ढिल्लों ने शानदार प्रतिभा दिखाकर रजत पदक जीता, जबकि पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल ने कांस्य पदक हासिल किया।
रोमांचक रहे फाइनल मुकाबले में चीन के लिहाओ शेंग ने 254.2 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि ढिल्लों 252.4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहकर रजत अपने नाम किया। शुरुआत में कड़ी टक्कर देकर बढ़त में रहे रुद्रांक्ष 230.9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रह गए और कांस्य से संतोष करना पड़ा। इससे एक ही वर्ग में भारत को दो व्यक्तिगत मेडल मिलना खास रहा है।

व्यक्तिगत वर्ग में यह उपलब्धि हासिल करने से सिर्फ एक घंटा पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भी भारतीय तिकड़ी ने रजत पदक जीता। रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों, पार्थ माने की टीम ने कुल 1890.1 अंक हासिल करके चीन के बाद दूसरे स्थान पर रहकर रजत पक्का किया है।
Also Read-
शूटिंग प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन सोमवार को भारत को कुल तीन मेडल मिलने से सिर्फ शूटिंग में ही देश के मेडलों की संख्या पांच हो गई। वहीं, महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किलो मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स वर्ग में सुचिका तरियाल के जीते कांस्य को मिलाकर इस मेगा टूर्नामेंट में भारत के कुल मेडलों की संख्या छह पर पहुंच गई।
