हैदराबाद: तेलंगाना राज्य की जेलों में सजा काट रहे कैदियों में से इस साल 78 कैदी 10वीं पास हुए हैं। जेल विभाग और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग NIOS के सहयोग से चलाए जा रहे शैक्षिक कार्यक्रम के तहत कैदियों ने पढ़ाई की। पास कैदियों को जेल विभाग की महानिदेशक सौम्या मिश्रा ने बुधवार को सर्टिफिकेट दिए। यह कार्यक्रम चेरलापल्ली सेंट्रल जेल में आयोजित किया गया, जिसमें ओपन स्कूल के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जेल विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए।
इस अवसर पर सौम्या मिश्रा ने कहा कि कैदियों की शिक्षा, पुनर्वास और समाज में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए उन्हें शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम इस तरह चुना गया है जिसे आसानी से समझा जा सके और जो रोजगार व जीविका में मददगार हो। डेटा एंट्री ऑपरेटर के कौशल से जुड़े विषयों को भी इसमें शामिल किया गया है। इस क्रम में चेरलापल्ली, निजामाबाद और चंचलगुडा महिला जेल में कुल 108 कैदियों ने 10वीं कक्षा में प्रवेश लिया था, जिनमें से 78 उत्तीर्ण हुए हैं।
जेलों के महा निदेशक ने आगे बताया कि उत्तीर्ण कैदियों के लिए इंटर की पढ़ाई जारी रखने के कदम उठाए जाएंगे। इंटर पूरा करने के बाद चेरलापल्ली सेंट्रल जेल में स्थित डॉ बीआर अंबेडकर ओपन यूनिवर्सिटी स्टडी सेंटर के माध्यम से वे अंडरग्रेजुएट बीए कोर्स में भी प्रवेश ले सकेंगे। इस दौरान कई कैदियों ने अपने अनुभव साझा किए। कैदियों ने बताया कि शिक्षा न होने के कारण उनके जीवन में कई परेशानियां आईं। पढ़ाई न होने से आत्मविश्वास कम हो गया था और समाज में उचित सम्मान नहीं मिला। एक कैदी ने कहा कि वह एलएलबी पढ़कर गरीब कैदियों को मुफ्त कानूनी सहायता देने वाले वकील बनेगा।
Also Read-
इस कार्यक्रम में परमप्रीत सिंह, जॉइंट डायरेक्टर इंचार्ज NIOS मीडिया; डॉ. प्रवीण चौहान, रीजनल डायरेक्टर NIOS हैदराबाद; वाई. राजेश, इंस्पेक्टर जनरल ऑफ प्रिजन्स; डॉ. डी. श्रीनिवास, डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ प्रिजन्स हैदराबाद रेंज; एम. संपत, डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ प्रिजन्स वारंगल रेंज; जी. प्रमोद, सुपरिंटेंडेंट सेंट्रल जेल चरलापल्ली; डी. भारत, सुपरिंटेंडेंट प्रिजनर्स एग्रीकल्चरल कॉलोनी; लक्ष्मी श्रीनाथ, सुपरिंटेंडेंट SPW हैदराबाद; पी. अशोक कुमार, सुपरिंटेंडेंट सेंट्रल जेल निजामाबाद सहित अन्य वरिष्ठ जेल अधिकारी, NIOS प्रतिनिधि, शिक्षक, कर्मचारी और कैदी शामिल हुए।
