हैदराबाद : टी20 विश्व कप 2026 में यूएई का खाता खुल गया है। कनाडा के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में यूएई को आखिरी चार ओवर में जीत के लिए 56 रन चाहिए थे। 16 ओवर के बाद टीम का रन रेट 6 से भी कम का था। टीम ने सिर्फ 95 रन बनाए थे। लेकिन आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर ही यूएई ने मुकाबले को जीत लिया। आर्यांश शर्मा और सोहैब खान ने सिर्फ 42 गेंद पर 84 रनों की साझेदारी की। स्कोर बराबर होने के बाद छक्का मारने की कोशिश में सोहैब आउट हो गए। उन्होंने 29 गेंद पर 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए।

सलामी बल्लेबाज आर्यांश शर्मा ने ने 53 गेंद पर 74 रनों की पारी खेली। उन्होंने 6 चौके और तीन छक्के मारे। यूएई को इस मैच में 5 विकेट से जीत मिली। इससे पहले कनाडा ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 150 रन बनाए। यूएई की इस टूर्नामेंट में यह दो मैचों में पहली जीत है। वहीं कनाडा ने अभी तक खेले दोनों मैचों में हार झेलनी पड़ी है।
यह भी पढ़ें-
कनाडा की शुरुआत खराब रही। टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा 11 और युवराज सामरा 5 रन बनाकर आउट हो गए। पावरप्ले के खत्म होते से पहले ही निकोलस किर्टन भी आउट हो गए। 6 ओवर के बाद टीम का स्कोर 39 रन पर तीन विकेट था। यहां से हर्ष ठकर और नवनीत धालीवाल ने पारी को संभाल दिया। दोनों के बीच 58 रनों की साझेदारी हुई। नवनीत अनलकी रहे और 34 रन बनाकर रन आउट हो गए। उनका बैट जमीन में फंस गया था। हर्ष ने अपनी फिफ्टी पूरी की लेकिन 50 के स्कोर पर ही आउट हो गए।

श्रेयस मोव्वा ने 21 गेंद पर 21 रन बनाए। जुनैद सिद्दीकी ने आखिरी ओवर में दो विकेट लेकर अपने 5 विकेट पूरे किए। हालांकि डिलोन हेलिंगर ने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर कनाडा को 150 रनों तक पहुंचा दिया। जुनैद ने 35 रन देकर 5 विकेट झटके। (एजेंसियां)
