हैदराबाद : थाईलैंड में एक दुखद घटना हुई है। फुटबॉल मैच के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवा खिलाड़ी की मौत हो गई। दक्षिण थाईलैंड के शांतिपाप स्टेडियम में गोलोक एफए कप टूर्नामेंट के तहत बुधवार को शामकोल्ट्स और अबू एक्स नांग सिरिन टीमों के बीच सेमीफाइनल मैच खेला जा रहा था। मैच में बारिश ने काफी बाधा डाली। इसके बावजूद खेल जारी रखा गया। अचानक मैदान पर आकाशीय बिजली गिरी। बिजली गिरने से 24 साल के सोफान अवेय की मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें-
इस अप्रत्याशित घटना से सभी एकदम हैरान रह गए। साथी खिलाड़ी तुरंत उसके पास दौड़े। लेकिन तब तक गंभीर रूप से घायल वह बिना हिल-डुल के पड़ा हुआ था। सुंघाई गोलोक पुलिस चीफ कर्नल थुन सिरिखुंट ने बताया कि मेडिकल स्टाफ ने उसे बचाने की हर कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। इस घटना में 12 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। बिजली गिरने का दृश्य कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दर्दनाक घटना के बाद फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ थाईलैंड ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतक खिलाड़ी के परिवार के साथ-साथ क्लब के प्रति अपनी संवेदनाएं जाहिर की हैं।
