Commonwealth Games: मीराबाई की हैट्रिक गोल्ड, कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को पहला स्वर्ण, मणिपुर की शान है ये दो खिलाड़ी

ग्लास्गो/हैदराबाद: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय वेटलिफ्टरों ने शानदार प्रदर्शन कर धूम मचा दी। ओलंपिक पदक विजेता सैखोम मीराबाई चानू ने लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वहीं एक अन्य वेटलिफ्टर रिशिकांत सिंह ने घुटने की चोट से जूझते हुए रजत पदक हासिल किया। खास बात यह है कि दोनों ही मणिपुर राज्य से हैं। महिलाओं के 48 किलो वर्ग में उतरी मीराबाई ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता की शुरुआत में स्नैच में 82 किलो उठाने में नाकाम रहने के बाद भी मीराबाई ने तुरंत वापसी करते हुए दम दिखाया। क्लीन एंड जर्क में भी पहला प्रयास फेल होने के बावजूद, दूसरे प्रयास में 105 किलो उठाकर स्वर्ण पक्का कर लिया। स्नैच में 85 किलो और क्लीन एंड जर्क में 105 किलो, कुल 190 किलो वजन उठाकर वह शीर्ष पर रहीं। इस जीत के साथ उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। नाइजीरिया की एथलीट रुथ असुक्वो न्यांग से 22 किलो ज्यादा वजन उठाकर उन्होंने अपना दबदबा बरकरार रखा।

इससे पहले, पुरुषों के 60 किलो वर्ग में रिशिकांत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। स्नैच में 121 किलो उठाकर कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड की बराबरी करने वाले रिशिकांत, क्लीन एंड जर्क में घुटने की चोट से परेशान होने के बावजूद लड़े और कुल 264 किलो वजन के साथ दूसरे स्थान पर रहे। मणिपुर से कॉमनवेल्थ पदक जीतने वाले वह पहले पुरुष वेटलिफ्टर बने। वहीं लॉन बाउल्स महिला डबल्स मैच में भारत को मामूली अंतर से नामीबिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

Also Read-

गौरतलब है कि मीराबाई ने कॉमनवेल्थ खेलों में लगातार तीसरा गोल्ड मेडल जीता। 2018 (गोल्ड कोस्ट) और 2022 (बर्मिंघम) कॉमनवेल्थ खेलों में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीता। पहलवान सुशील कुमार (2010, 2014, 2018) और विनेश फोगाट (2014, 2018, 2022) के बाद कॉमनवेल्थ खेलों में हैट्रिक गोल्ड मेडल जीतने वाली तीसरी भारतीय एथलीट चानू बनी हैं। इतना ही नहीं, कॉमनवेल्थ खेलों में अब तक सबसे ज्यादा वजन उठाने वाली महिला लिफ्टर भी मीरा ही हैं।

हैट्रिक स्वर्ण पदक जीतने वाली वेटलिफ्टिंग की दिग्गज मीराबाई चानू की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमकर तारीफ की। इसे भारतीय वेटलिफ्टिंग के इतिहास में एक और शानदार अध्याय बताया। उन्होंने X पर लिखा है कि महिलाओं के 48 किलो वर्ग में उनकी जीत हर भारतीय के लिए प्रेरणादायक है। पुरुषों के 60 किलो वर्ग में रजत जीतने वाले रिशिकांत सिंह के जज्बे की भी प्रधानमंत्री ने सराहना की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी मीराबाई के समर्पण को देश के लिए गर्व की बात बताते हुए बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

    Archives

    Categories

    Meta

    'तेलंगाना समाचार' में आपके विज्ञापन के लिए संपर्क करें

    X