हैदराबाद : तेलंगाना राज्य चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. बी. रवींद्र नायक को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में राज्य से दिए जाने वाले एकमात्र ‘वैद्य शिरोमणि पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया जाएगा। तेलंगाना बुद्धिजीवी मंच (तेलंगाना मेधावुल फोरम) के राज्य अध्यक्ष डॉ. राज नारायण मुदिराज ने आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह पुरस्कार 1 जुलाई को सुबह 11 बजे कोठी स्थित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक कार्यालय में प्रदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि डॉ. नायक पिछले 35 वर्षों से लगातार और बिना थके रोग-मुक्त समाज के निर्माण तथा गरीबों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए कई जागरूकता शिविर, रैलियां और संगोष्ठियां (सेमिनार) आयोजित की हैं और कई सम्मान प्राप्त किए हैं। उन्होंने वरंगल और खम्मम जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा के क्षेत्र में व्यापक सेवाएं दी हैं। वर्तमान में वह तेलंगाना राज्य चिकित्सा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के निदेशक के पद कार्यरत हैं।
यह भी पढ़ें-
डॉ. राज नारायण मुदिराज ने आगे बताया कि गरीब लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रयासों को मान्यता देते हुए उन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। डॉ. रवींद्र नायक ने उस्मानिया मेडिकल कॉलेज से अपना एमबीबीएस और डीसीएच की उपाधि प्राप्त की है।
