हैदराबाद : ब्रह्म प्रकाश डी. ए .वी. स्कूल की छात्राओं ने खेल के मैदान में एक बार फिर स्कूल का मान बढ़ाया है। काचीगुडा गवर्नमेंट स्कूल में आयोजित ‘नेटबॉल सीनियर सिलेक्शन’ ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल की छात्राएँ नित्या, कनिष्का, श्रद्धा, रत्ना सिरी, श्रेष्ठा, प्रणवी और त्रिशा सिंह ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। चयनित छात्राएँ अब 25 से 27 दिसंबर तक महबूबाबाद जिले के केसमुद्रम (एग्रीकल्चर मार्केट) में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय नेटबॉल चैंपियनशिप में शिरकत करेंगी।
स्कूल के प्रधानाचार्य श्री वी.एस. प्रशांत ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, “ब्रह्म प्रकाश डी. ए. वी. स्कूल का सदैव यह लक्ष्य रहता है कि हम विद्यार्थियों की जिज्ञासा को नई उड़ान दें। खेलों के माध्यम से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक दृढ़ता भी आती है। हमारा संस्थान छात्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
यह भी पढ़ें-
इस गौरवपूर्ण अवसर पर स्कूल की अध्यक्ष श्रीमती के. मधुबाला, डी. ए. वी. स्कूल की एआरओ श्रीमती के. आनंदवल्ली, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा मिधानि और बी. डी. एल. के एलएमसी सदस्यों ने कार्यक्रम में भाग लिया और चयनित छात्रों को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई दी तथा उन्हें राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
