हैदराबाद/लखनऊ: इंडियन प्रीमियर लीग-2025 के अंतर्गत अब से थोड़ी देर बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। प्लेऑफ में पहले ही जगह बना चुकी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का लक्ष्य सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत हासिल कर नौ साल में पहली बार लीग चरण में शीर्ष दो में जगह बनाने का होगा।
आपको बता दें कि आरसीबी 2016 सत्र में उप विजेता रही थी, लेकिन इसके बाद से शीर्ष दो में नहीं पहुंची है। अभी टीम 12 मैच में 17 अंक के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है और अपने बचे हुए दो मैचों में जीत शीर्ष दो स्थान को सुरक्षित कर सकती है। शुक्रवार का मैच मूल रूप से बेंगलुरु की टीम का घरेलू मैच था लेकिन मानसून की शुरुआत के कारण इसे लखनऊ को स्थानांतरित कर दिया गया।
भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के कारण लीग के हुए व्यवधान से पहले आरसीबी शानदार फॉर्म में थी और टीम ने लगातार चार जीत हासिल की थी, लेकिन लीग के फिर शुरू होने के बाद पहले मैच के बारिश से धुलने के कारण उसकी लय में बाधा आ गई। 20 दिन के ब्रेक के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम अपनी लय और प्रतिस्पर्धी बढ़त बरकरार रख पाती है या नहीं। आईपीएल खिताब जीतने की दौड़ में शामिल आरसीबी ने हाल के दिनों में अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
यह भी पढ़ें-
लखनऊ की पिच पर स्पिन और तेज दोनों तरह के गेंदबाजों को मदद मिलती है। पिच पर लाल और काली मिट्टी का इस्तेमाल होता है। टीम अपनी जरूरत के हिसाब से स्पिनर या तेज गेंदबाज को चुन सकती है। लखनऊ की पिच पारंपरिक रूप से धीमी गति के गेंदबाजों और तेज गेंदबाजों की मदद करती है जो कटर गेंदबाजी कर सकते हैं।
मौसम की बात करें तो सुबह का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और शाम को तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। ओस की वजह से टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
हमेशा की तरह टीम के भरोसेमंद खिलाड़ी विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 11 पारियों में सात अर्धशतक बनाए हैं। कप्तान रजत पाटीदार, टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने समय-समय पर पावरहिटिंग करके उनका अच्छा साथ दिया है। हालांकि, ब्रेक से ठीक पहले पाटीदार की फॉर्म में गिरावट आई। वह अपने पहले पांच मैचों में 37.2 की औसत के बाद अगले पांच मैचों में 10.6 के औसत से सिर्फ 53 रन ही बना पाए। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान लगी उंगली की चोट से उबरने के बाद अब वह फिर नेट्स पर खुलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं जो आरसीबी के लिए अच्छा संकेत है।
क्रुणाल पंड्या और सुयश शर्मा की स्पिन जोड़ी बहुत प्रभावी रही है जबकि जोश हेजलवुड और यश दयाल ने तेज गेंदबाजी विभाग में मुश्किल ओवरों को आसानी से पूरा किया है। हेजलवुड हालांकि अपने कंधे की चोट से उबरने की वजह से मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। आरसीबी के अधिकांश विदेशी खिलाड़ी इस मैच और उसके बाद के लिए उपलब्ध हैं। पिछले साल फाइनल तक पहुंची सनराइजर्स हैदराबाद की टीम लखनऊ सुपर जायंट्स पर छह विकेट की जीत के बाद इस मुकाबले में उतरेगी। टीम इसी लय को जारी रखने और इस सत्र को जीत से समाप्त करने की कोशिश करेगी।
एसआरएच के अभियान में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने बीच बीच में अच्छी पारियां खेली है, लेकिन लगातार अच्छा नहीं कर सके जिसके कारण टीम तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई है। कप्तान पैट कमिंस और भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद उनकी गेंदबाजी इकाई संघर्ष करती दिखी है। (एजेंसियां)
