हैदराबाद : आंध्र प्रदेश के काकिनाडा जिले में भीषण हादसा हुआ है। प्रत्तिपाडु विधानसभा क्षेत्र के कत्तिपूडी के पास हुए सड़क हादसे में चार भवानी भक्तों की मौत हो गई। विजयनगरम जिले के डेंकाडा से प्राइवेट बस में भवानी भक्त विजयवाड़ा जा रहे थे। इस दौरान बस में तकनीकी खराबी आने से ड्राइवर ने मरम्मत के लिए कत्तिपूडी के पास सड़क किनारे बस रोक दी।
बस में मौजूद भवानी भक्त चाय पीने के लिए नीचे उतरे, वे सभी बगल में मौजूद दुकान की तरफ जा रहे थे। उसी समय तेज रफ्तार से आई स्कॉर्पियो वाहन ने भवानी भक्तों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन भवानी भक्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान चिरिगिडी एर्रय्या, लिंगाला सीताराम, बोनेला सत्तिबाबू और ताटिपूडी शिवप्रसाद के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, केस दर्ज कर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार के कारण ही यह सड़क हादसा हुआ। विजयवाड़ा दुर्गामाता के दर्शन के लिए जा रहे भक्तों की मौत से परिजन और साथी भक्त गहरे शोक में हैं।
यह भी पढ़ें-
इस हादसे पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू ने गहरा दुख जताया। भवानी भक्तों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ सरकार खड़ी है। इस सड़क हादसे पर मंत्री नारा लोकेश ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘काकिनाडा जिले के कत्तिपूडी में सड़क हादसे में विजयनगरम जिले के डेंकाडा के भवानी भक्तों की मौत बहुत दुखद है। मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले, प्रार्थना करता हूं। मृतकों के परिवारों की सरकार मदद करेगी।’
