हैदराबाद : टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर 8 के मुबाकले अपने चरमसीमा पर पहुंच गये है। इसके साथ ही सेमीफाइनल की रेस अब बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है। इंग्लैंड की टीम ने लगातार दो जीत के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई है। हालांकि, बाकी तीन स्थानों के लिए अभी भी सात टीमों के बीच जोरदार संघर्ष जारी है। इसमें भारत और पाकिस्तान जैसी बड़ी टीमों की राह काफी कठिन नजर आ रही है। ऐसे में आइए सभी टीमों के समीकरण पर एक नजर डालते हैं।
यह भी पढ़ें-
ग्रुप-1 का हाल
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों की करारी शिकस्त झेलने के बाद भारतीय टीम की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। भारतीय टीम को अब सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए अपने अगले दोनों मुकाबले (वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ) हर हाल में जीतने होंगे। भारत के लिए चिंता की बात यह है कि एक भी हार उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका +3.80 के शानदार नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर है और उसे क्वालीफाई करने के लिए अगले दो मैचों में से सिर्फ एक जीत की दरकार है। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हराने के बाद वेस्टइंडीज की टीम भी मजबूत दावेदार के रूप में उभरी है।
ग्रुप-2 का हाल

ग्रुप-2 में इंग्लैंड ने श्रीलंका और पाकिस्तान को मात देकर सबसे पहले नॉकआउट स्टेज का टिकट कटा लिया है। इंग्लैंड के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाला अगला मैच महज एक औपचारिकता होगा। वहीं, पाकिस्तान की स्थिति काफी नाजुक है, न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश में धुलने और इंग्लैंड से हार के बाद उनके पास केवल एक अंक है। अब पाकिस्तान को न केवल श्रीलंका के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीतना होगा, बल्कि यह भी दुआ करनी होगी कि न्यूजीलैंड अपने अगले दोनों मुकाबले हार जाए। कीवी टीम अगर अपने बचे हुए दोनों मैच जीत लेती है, तो वह आसानी से अंतिम चार में अपनी जगह बना लेगी।
