T20 World Cup 2026 : नेपाल ने स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हराया, बारिश ने किया ऑस्ट्रेलिया का सफर समाप्त

हैदराबाद : टी20 विश्व कप 2026 में नेपाल ने रोमांचक मुकाबले में अपना आखिरी मुकाबला जीत लिया है। इंग्लैंड के खिलाफ एक रन से हारने वाली नेपाल की टीम ने टूर्नामेंट के 33वें मैच में स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हराया। मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खेले गये मैच पहले बैटिंग करते हुए स्कॉटलैंड ने 7 विकेट पर 170 रन बनाए। ग्रुप सी के इस मैच को नेपाल ने आखिरी ओवर में अपने नाम कर लिया। नेपाल को 2014 के बाद टी20 विश्व कप में जीत मिली है। 2024 में टीम ने टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था लेकिन एक भी मैच नहीं जीत पाई थी।

नेपाल को कुशल भुर्तेल और आसिफ शेख ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। पावरप्ले में टीम ने बिना विकेट खोए 56 रन बनाए। हालांकि माइकल लीस्क ने तीन विकेट लेकर टीम की वापसी करवा दी। भुर्तेल 35 गेंद पर 43 जबकि आसिफ 27 गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान रोहित पौडेल ने 16 रन बनाए। 14वें ओवर में जब रोहित आउट हुए तो टीम का स्कोर तीन विकेट पर 98 रन था।

Also Read-

दीपेंद्र सिंह ऐरी ने गुलशन झा के साथ चौथे विकेट के लिए 36 गेंद पर नाबाद 73 रन जोड़े। आखिरी 31 गेंद पर नेपाल को जीत के लिए 65 रन चाहिए थे। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 23 गेंद पर 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए। गुलशन झा ने 17 गेंद पर 24 रनों का योगदान दिया।

नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने टॉस जीतकर स्कॉटलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। स्कॉटलैंड को जॉर्ज मुन्से और माइकल जोन्स ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने 10 ओवरों में 80 रन जुटाए। जॉर्ज 29 गेंदों में 4 चौकों के साथ 27 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद माइकल जोन्स ने ब्रैंडन मैकमुलेन (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 52 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 132 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

आखिरी 5 ओवर में नेपाल ने शानदार गेंदबाजी की और इस दौरान स्कॉटलैंड की टीम सिर्फ 39 रन ही बना पाई। माइकल जोन्स 45 गेंदों में 3 छक्कों और 8 चौकों के साथ 71 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से टीम ने निरंतर अंतराल पर विकेट खोने के बावजूद 170/7 का स्कोर बनाया। सोमपाल कामी ने तीन जबकि नंदन यादव ने 2 विकेट झटके।

ऑस्ट्रेलिया का टी20 विश्व कप 2026 में सफर समाप्त

दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया का टी20 विश्व कप 2026 में सफर समाप्त हो गया है। टीम सुपर-8 में जगह नहीं बना पाई। टूर्नामेंट के 32वें मैच में जिम्बाब्वे की टक्कर आयरलैंड से थी। आयरलैंड की जीत से ही ऑस्ट्रेलिया की टीम सुपर-8 की रेस में बरकरार रह पाती। बारिश की वजह से इस मुकाबले में टॉस भी नहीं हो पाया और इसे रद्द करना पड़ा। इससे जिम्बाब्वे को एक पॉइंट मिल गया और टीम सुपर-8 में पहुंच गई। इसके साथ ही जिम्बाब्वे ने टी20 विश्व कप 2028 में डायरेक्ट क्वालीफाई भी कर लिया है।

ऑस्ट्रेलिया को अभी तक खेले तीन मैचों में दो हार मिली है। टीम के सिर्फ दो ही पॉइंट हैं। उसे आखिरी मैच ओमान से खेलना है। उस मैच में जीत हासिल करके भी टीम अब 4 पॉइंट तक ही पहुंच पाएगी। वहीं 3 मैचों में ही जिम्बाब्वे के 5 पॉइंट हो गए हैं। उनसे ओमान को हराने के बाद बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को बाहर कर दिया है। यह सिर्फ दूसरा मौका है जब ऑस्ट्रेलिया की टीम टी20 विश्व कप के पहले ही राउंड से बाहर हो गई। 2009 में भी टीम ग्रुप राउंड से बाहर हुई थी।

ग्रुप बी से श्रीलंका की टीम पहले ही सुपर-8 में जा चुकी है। ऑस्ट्रेलिया के साथ ही आयरलैंड का भी टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया है। जिम्बाब्वे टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में पहुंचने वाली 7वीं टीम बन गई है। इससे पहले भारत, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका की टीम सुपर-8 में जगह पक्की कर चुकी है।

सुपर-8 में ऑस्ट्रेलिया को भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के साथ ग्रुप में रखा गया था। अब ऑस्ट्रेलिया की टीम बाहर हो गई हैं और जिम्बाब्वे उसकी जगह लेगा। सुपर-8 में जिम्बाब्वे का पहला मैच 23 फरवरी को मुंबई में वेस्टइंडीज से होगा। इसके बाद 26 फरवरी को भारत और एक मार्च को उसे साउथ अफ्रीका से भिड़ना है। उससे पहले ग्रुप बी के आखिरी मैच में श्रीलंका और जिम्बाब्वे की टक्कर 19 फरवरी को होगी। (एजेंसियां)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

    Archives

    Categories

    Meta

    'तेलंगाना समाचार' में आपके विज्ञापन के लिए संपर्क करें

    X