हैदराबाद : उस्मानिया विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार जी. नरेश रेड्डी ने कहा कि कैंसर उन्मूलन के साथ-साथ इस बीमारी से प्रभावित लोगों में आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। तेलंगाना मेधावी मंच (राज्य शाखा) के तत्वावधान में विश्व कैंसर निवारण दिवस के अवसर पर नारायणगुड़ा स्थित राजा बहादुर वेंकटरामन रेड्डी महिला महाविद्यालय के सभागार में कैंसर पर जागरूकता एवं नियंत्रण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर उन्होंने संबोधित किया। रजिस्ट्रार ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हर सात में से एक व्यक्ति कैंसर से पीड़ित है।
सरकारी एमएनजे कैंसर अस्पताल के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष प्रो. रघु रामन ने कैंसर के सामान्य लक्षणों- जैसे भूख न लगना, थकान, सिरदर्द, हीमोग्लोबिन का कम होना, ईएसआर का बढ़ना तथा वजन कम होना और अन्य के बारे में उदाहरणों सहित समझाया।

निज़ाम्स इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (निम्स) के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष प्रो. सदाशिवुडु ने कहा कि धूम्रपान, शराब सेवन, पान मसाला, गुटखा तथा शरीर में अधिक चर्बी के कारण कैंसर होने की संभावना अधिक रहती है। उन्होंने यह भी बताया कि कैंसर के लिए उन्नत और बेहतर उपचार अब उपलब्ध हैं।
संबंधित खबर-
सरकारी एमएनजे अस्पताल की वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. गायत्री पलाट ने कैंसर से बचने के लिए लोगों को फल, सब्ज़ियां, मोटे अनाज और हरी पत्तेदार सब्ज़ियां अधिक मात्रा में लेने तथा प्रतिदिन ध्यान, योग, पैदल चलना और व्यायाम करने की सलाह दी।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. जी. अच्युतादेवी, लायंस रामादेवी रेड्डी, लायंस प्रेमचंद मुनोत जैन, उस्मानिया विश्वविद्यालय के शोधार्थी डॉ. रवितेजा, तथा संस्था के अध्यक्ष डॉ. राजनारायण मुदिराज ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर कैंसर निवारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले तेलंगाना राज्य के डॉक्टर- प्रो. आर. रघुरामन, प्रो. गायत्री पलाट एवं प्रो. सदाशिवुडु को “बेस्ट ऑन्कोलॉजिस्ट अवॉर्ड–2026” और प्रशस्ति पत्र, शॉल, स्मृति-चिह्न और पुष्पमालाएं भेंट कर से सम्मानित किया गया।

इससे पहले महाविद्यालय की छात्राओं ने कैंसर के लक्षणों पर नारे लगाते हुए विशाल रैली निकाली और जनता को जागरूक किया। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ए.सी.एच. प्रद्युत, डॉ. जी. विजयलक्ष्मी, डॉ. रुमिला सीतारामन, समन्वयक जी. वेणुगोपाल, आरेकटीका बिच्चुकारी सूर्या, कुमारी साक्षी बोरा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
