हैदराबाद : ब्रह्मर्षि सेवा समाज हैदराबाद के कार्यकारिणी सदस्यों की विशेष बैठक सोमवार को ऑनलाइन आयोजित की गई। इसमें सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि 2 अप्रैल को समाज द्वारा हनुमान जयंती का भव्य आयोजन किया जाएगा। समाज के महासचिव पंकज सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी हनुमान जयंती परशुराम मंदिर जगतगिरि गुट्टा में मनाई जाएगी। यह हनुमान जयंती महोत्सव दो सत्रों में आयोजित की जाएगी।
पहला सत्र प्रातः 7.30 बजे पंकज कुमार सी ए एवं उनकी पत्नी प्रियंका सिंह द्वारा संकल्प लेकर हनुमान जी की पूजा और अर्चना के साथ शुभारंभ होगा। इसके बाद दूसरा सत्र शाम 4 बजे से महोत्सव का प्रारंभ होगा। सर्वप्रथम प्रत्येक माह पूर्णमासी को की जाने वाली सत्यनारायण भगवान की पूजा और कथा की जाएगी। इस महीने की सत्यनारायण कथा के यजमान श्रीमती अनीता राय, महिला अध्यक्ष गीतू-मीतू एवं स्वप्निल होंगे। तत्पश्चात् सस्वर सुंदर कांड का पाठ किया जाएगा और 108 बार हनुमान चालीसा पढ़कर पवनपुत्र की आराधना की जाएगी। ये पाठ सामूहिक रूप से समाज के सभी उपस्थित सदस्यों द्वारा किए जाएँगे। पूजा भजन और आरती के उपरांत उपस्थित भक्त जनों में प्रसाद वितरण किए जाएँगे। अन्नदान सेवा के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा।
Also Read-
इस कार्यक्रम की तैयारी के लिए और इसका सुचारू आयोजन संपन्न करने के लिए बैठक में उपस्थित समाज की उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राय, महासचिव पंकज कुमार सी ए, महिला अध्यक्ष श्रीमती गीतू शर्मा, सहसाचिव मुकेश कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष सुजीत ठाकुर, कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती स्वप्निल राय, पूर्व अध्यक्ष मानवेन्द्र मिश्र, गोविंद जी राय, पूर्व महिला अध्यक्ष श्रीमती सुधा राय और डॉ आशा मिश्रा ने अपने सुझाव दिए। बैठक में महासचिव ने नगरद्वय के समस्त ब्रह्मर्षि परिवार से अनुरोध किया कि वे अपने पूरे परिवार एवं बंधु बांधवों के साथ इस पावन कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाएं और हनुमान जी का आशीर्वाद ग्रहण करें।
