हैदराबाद : 19 से 30 सितंबर तक तेलंगाना के मुलुगु जिले के रामप्पा मंदिर के नाम से मशहूर काकतीय रुद्रेश्वर मंदिर में ‘विश्व विरासत स्वयंसेवक शिविर- 2022’ आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को काकतीय हेरिटेज ट्रस्ट (KHT) ने इंटेक (INTACH) के सहयोग से डिजाइन किया है।
केएचटी के अधिकारियों ने कहा कि 12 दिवसीय इस शिविर के लिए आठ विदेशियों सहित 50 स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) वरंगल और अन्य संस्थानों से सिविल इंजीनियरिंग, कला, वास्तुकला, पर्यटन, इतिहास और पुरातत्व में बीटेक / बीए की न्यूनतम योग्यता वाले स्वयंसेवकों को चुना गया।
इस शिविर को यूनेस्को की मंजूरी के साथ आयोजित किया जा रहा है और इसमें विरासत की सैर, व्याख्यान और सांस्कृतिक प्रदर्शन शामिल होंगे। 12 दिनों के दौरान 30 विशेषज्ञ मंदिर से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्याख्यान देंगे।
शिविर हर दिन सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक तीन व्याख्यान होंगे। साथ ही दोपहर में नौ दिनों तक फील्ड विजिट भी किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि 17 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पालमपेट से रामप्पा तालाब तक हेरिटेज वॉक का आयोजन भी किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पेरिनी शिवतांडवम, कोमू और बंजारा नृत्यों का प्रदर्शन होगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और आईसीओएमओएस प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम में मंत्री वी श्रीनिवास गौड़, एर्राबेल्ली दयाकर राव, सत्यवती राठौड़, विधायक डी अनसूया, अधीक्षक पुरातत्वविद् डॉ स्मिता एस कुमार, एमएलसी पोचमपल्ली श्रीनिवास रेड्डी, जिलाधीश एस कृष्णा और अन्य शामिल होंगे।
