हैदराबाद : ब्रह्म प्रकाश डी. ए. वी. स्कूल के छात्रों ने हाल ही में संपन्न हुए प्रतिष्ठित विज स्पेल बी (Wiz Spell Bee) के राष्ट्रीय मेगा फाइनल (2024-25) में अपनी असाधारण प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शानदार स्थान प्राप्त किए। इस राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता में देश भर के सर्वश्रेष्ठ छात्रों ने भाग लिया था। ब्रह्म प्रकाश डी. ए. वी. स्कूल के 12 छात्रों ने विज स्पेल बी के राष्ट्रीय मेगा फाइनल में अपनी असाधारण शब्दावली और वर्तनी कौशल का परिचय देते हुए 7वें से 74वें स्थान तक अपनी जगह बनाई, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर स्कूल और शहर का नाम रोशन हुआ।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में, तेजस्वी के. ने विशेष रूप से अद्भुत प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सातवाँ स्थान प्राप्त किया, जो स्कूल के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। राष्ट्रीय विजेताओं को गोवा में आयोजित एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया, जहाँ उनकी कड़ी मेहनत और अद्वितीय प्रतिभा की सराहना की गई। अन्य छात्रों को 17 जुलाई, 2025 को स्कूल परिसर में पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस शानदार सफलता पर, सहायक क्षेत्रीय अधिकारिणी श्रीमती के. आनंदवल्ली जी तथा स्कूल- चेयरमैन श्रीमती मधुबाला जी ने छात्रों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। एलएमसी (बीडीएल तथा मिधानि) के सदस्यों ने भी छात्रों को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई दीं।
Also Read-
ब्रह्म प्रकाश डी. ए. वी. स्कूल के प्रधानाचार्य श्री वी. एस. प्रशांत जी ने कहा, “हमारे छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है, जो हमारे लिए अत्यंत गर्व की बात है। हम उन्हें उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए हृदय से बधाई देते हैं।” समर्पित स्पेल बी प्रभारी शिक्षिकाओं – श्रीमती सोनाली घोषाल, श्रीमती श्रीजा, श्रीमती मीनी बीजु, श्रीमती कविता नांबियार और श्रीमती निरूपा रानी – ने छात्रों को मार्गदर्शन देने और उन्हें प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह उत्कृष्ट उपलब्धि बच्चों की शब्दावली को समृद्ध करने और स्पेल बी पहल के माध्यम से उनके संचार कौशल को विकसित करने के स्कूल के निरंतर प्रयासों का एक सशक्त प्रमाण है। छात्रों की इस उपलब्धि ने स्कूल और शहर को गौरवान्वित किया है।
