हैदराबाद: कर्नाटक के रायचूर जिले के सिंधनूर स्थित बालय्या कैंप के पास हुए भीषण सड़क हादसे में हैदराबाद के एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मेडचल जिले के बाचुपल्ली निवासी एक दंपति और उनके दो बच्चों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रदीप सक्सेना (35) और पूर्णिमा (33), उनके बच्चे- जतिन (12) और मोहिन (7) बाचुपल्ली क्रांतिनगर कॉलोनी निवासी हैं। पूर्णिमा तीन साल से स्थानीय सिल्वर ओक्स इंटरनेशनल स्कूल में अंग्रेजी शिक्षक के रूप में कार्यरत थी। वहीं प्रदीप एक निजी कंपनी में काम करता था। मोहिन उसी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ रहा था। जहां उसकी मां शिक्षक के रूप में काम करती थी।

भारी बारिश के मद्देनजर तेलंगाना सरकार ने एक सप्ताह की छुट्टी की घोषणा की थी। इसके चलते प्रदीप परिवार के साथ कार में छुट्टी मनाने के लिए कर्नाटक गया। सोमवार को कर्नाटक के सिंधनूर शहर से गुजरते हुए हैदराबाद की ओर जा रही उनकी कार को रायचूर से आ रही एक लॉरी ने जोरदार टक्कर मार दी और खींचती हुई ले गई। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार के कुचले जाने के कारण उसमें फंसे शव और कार को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। स्थानीय पुलिस ने शवों को सिंधनूर सरकारी अस्पताल में भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद लॉरी चालक फरार हो गया।
दोपहर तक स्कूल आने संदेश भेजा
सोमवार को स्कूल खुले, मगर पूर्णिमा ड्यूटी पर नहीं आई। उसने स्कूल प्रबंधन को संदेश भेजा कि वह काम के लिए बाहर गई है और दोपहर तक स्कूल आ जाएगी। स्कूल प्रबंधन उसके दोपहर तक ड्यूटी पर जाने का इंतजार कर रहे थे, उसकी मौत की खबर सुनर सभी स्तब्ध रह गए। कार में मिले आईडी कार्ड के आधार पर कर्नाटक पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को दुर्घटना की सूचना दी। माता-पिता और दो बच्चों की दुर्घटना में मौत हो जाने से परिजन और सहकर्मी रो पड़े।
