जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के दो अलग-अलग इलाकों में हुई सामूहिक फायरिंग की घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। इन हादसों में कुल 27 लोगों की जान चली गई। 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पहली फायरिंग की घटना वेडेला टाउनशिप में हुई। आठ हथियारबंद बदमाशों ने AK-47 राइफल और पिस्टल के साथ स्थानीय एक बार पर हमला कर दिया।

बार के अंदर घुसकर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस घटना में 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना को भूले नहीं थे कि रविवार तड़के केपटाउन के पास ल्वांडले इलाके में एक और हादसा हो गया। एक दुकान में घुसे बदमाशों की फायरिंग में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। अब तक किसी ने भी इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
