हैदराबाद : भारत के रक्षा उपक्रम मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानि) में उद्यम के उत्कृष्टता केन्द्र में सहायक श्रेणी के कर्मचारियों के लिए हिंदी शब्द संसाधन (हिंदी टंकण) के एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. विकास कुमार आज़ाद, अनुवादक (हिंदी अनुभाग) के उद्घाटन सत्र में हिंदी टंकण की मौलिक जानकारी देते हुए केंद्रीय सरकार की प्रोत्साहन योजना से कर्मचारियों को अवगत किया।

नामित कर्मचारियों को टंकण के महत्व को समझाते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि हिंदी भारत की राजभाषा है। इसमें काम करना हम सभी का दायित्व है। उस दायित्व के सुचारू निर्वहन के लिए हिंदी भाषा, टंकण व आशुलिपिक का प्रशिक्षण दिया जाता है। राजभाषा विभाग द्वारा हिंदी को लोकतांत्रिक रूप से लागू करने का प्रयास किया जा रहा है। इसे कभी किसी पर थोपा नहीं गया है।

राजभाषा विभाग ने सदैव प्रेरणा और प्रोत्साहन से ही हिंदी का प्रचार-प्रसार किया है। हिंदी टंकण प्रशिक्षण की कक्षा में यह भी बताया गया कि लिप्यंतरण के माध्यम से हिंदी टंकण किया जा सकता है, जिससे कि राजभाषा का सुचारु ढंग से कार्यान्वयन किया जा सकता है और कर्मचारियों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होती है।
Also Read-

प्रतिभागियों ने उच्चारण पर आधारित लिप्यंतरण पद्धति से कंप्यूटर पर हिंदी टंकण का अभ्यास किया और प्रतिपुष्टि की कि इस तरह की कार्यशालाएँ हिंदी में काम करने के व्यावहारिक पक्ष को सिखाने के लिए कारगर साबित होती हैं।
प्रतिभागियों ने शपथ ली कि कार्यालय का कामकाज हिंदी में करेंगे और अपने साथियों को प्रोत्साहित करेंगे। हिंदी टंकण प्रशिक्षण में हिंदी विभाग की गैर-कार्यपालक (एनयूएस) श्रीमती डी. वी. रत्नाकुमारी, डाक अनुभाग के कर्मी जयपाल का सक्रिय सहयोग रहा।
