हैदराबाद : रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के उपक्रम मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानि) में राजभाषा कार्यान्वयन समिति, मिधानि के तत्वावधान में 1 सितंबर को मासिक हिंदी प्रतियोगिताओं एवं हिंदी दिवस-2025 समारोह का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर शशि कुमार द्विवेदी, महाप्रबंधक (अनुरक्षण सेवाएँ एवं एसबीडी) ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

द्विवेदी ने कहा कि हिंदी को राजभाषा के रूप में कार्यालयों में पूर्ण रूप से क्रियान्वित करने और उसके लिए उपयुक्त वातावरण तैयार करने में हिंदी प्रतियोगिताएँ प्रभावशाली भूमिका निभाती हैं। हिंदी विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों से न केवल हिंदी का प्रचार-प्रसार होता है, बल्कि कंपनी में मैत्रीपूर्ण वातावरण निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। कर्मचारियों को चाहिए कि वे सकारात्मकता के साथ इन प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में भाग लें।

महाप्रबंधक ने अपने कंपनी के आरंभिक दिनों को याद करते हुए प्रतिभागियों से साझा किया कि हिंदी की प्रत्येक प्रतियोगिता में उन्हें पुरस्कार प्राप्त होते थे। कुछ वर्षों तक यह सिलसिला चलता रहा, तत्पश्चात एक दिन उन्होंने और उनके साथी अरुण कुमार शर्मा, जो वर्तमान में महाप्रबंधक (विपणन) हैं, ने निर्णय लिया कि आगे से वे प्रतियोगिताओं में भाग नहीं लेंगे, बल्कि अन्य कर्मचारियों को प्रोत्साहित करेंगे। यह परंपरा आज भी जारी है।
Also Read-
उद्घाटन सत्र में शशि कुमार द्विवेदी ने कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा ही नहीं, बल्कि संवाद और संगठन की एकता का सशक्त माध्यम भी है। राजभाषा हिंदी में कार्य करने से दक्षता, आत्मीयता एवं कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक राजभाषा हिंदी का प्रयोग करें और प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लें।

डॉ. बी. बालाजी, प्रबंधक (हिंदी अनुभाग एवं निगम संचार), मिधानि ने बताया कि हिंदी के प्रचार-प्रसार को गति प्रदान करने के उद्देश्य से मिधानि में सितंबर 2025 से जनवरी 2026 तक हिंदी की विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें हिंदी दिवस-2025 से जुड़े विशेष कार्यक्रम भी सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि आज आयोजित प्रतियोगिता में कंप्यूटर पर हिंदी शब्द संसाधन (हिंदी टंकण) प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आगामी दिनों में वाक् प्रतियोगिता, निबंध लेखन, शब्दावली, टिप्पणी एवं आलेखन, अविस्मरणीय स्मृतियों के झरोखे से, एक भारत – श्रेष्ठ भारत प्रतियोगिता, प्रश्नमंच प्रतियोगिता, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, कराओके गायन, अनुवाद आदि विविध प्रतियोगिताएँ एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता को बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएँगे तथा सभी प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विभाग को “मिधानि राजभाषा गरिमा पुरस्कार” (रोलिंग ट्रॉफी) से सम्मानित किया जाएगा।

समारोह के उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं का आयोजन हिंदी अनुभाग की देखरेख में किया जा रहा है। प्रबंधक (हिंदी प्रकोष्ठ एवं कॉरपोरेट संचार) डॉ. बी. बालाजी ने सभी कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर हिंदी दिवस समारोह-2025 को सफल बनाएँ।

उद्घाटन कार्यक्रम और कंप्यूटर पर हिंदी शब्द संसाधन (हिंदी टंकण) प्रतियोगिता के सफल आयोजन में श्रीमती डी. वी. रत्नकुमारी, कनिष्ठ कार्यपालक (हिंदी अनुभाग), विकास कुमार आज़ाद, हिंदी अनुवादक, डाक अनुभाग के कर्मचारी नरेंद्र गांधी, प्रेम तथा जयपाल का सक्रिय योगदान रहा।
