हैदराबाद : भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानि) में राजभाषा कार्यान्वयन समिति, मिधानि के तत्वावधान में कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय हिंदी कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित की गई।

कार्यशाला में दो विषयों पर सत्र संचालित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ उद्यम के प्रबंधक (हिंदी अनुभाग एवं निगम संचार) डॉ. बी. बालाजी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने हिंदी कार्यशाला के आयोजन की आवश्यकता और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सत्रों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में राजभाषा नीति, कंप्यूटर पर हिंदी टंकण के मूलभूत सुझाव, प्रशासनिक शब्दावली तथा राजभाषा कार्यान्वयन में कंप्यूटर की भूमिका जैसे विषयों पर व्याख्यान होंगे।

प्रथम सत्र में भारतीय स्टेट बैंक, स्थानीय प्रधान कार्यालय (अमरावती, हैदराबाद) के मुख्य प्रबंधक (राजभाषा) रजनीश कुमार यादव ने “राजभाषा कार्यान्वयन में कर्मचारियों के दायित्व” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने संविधान के राजभाषा संबंधी अनुच्छेदों, राजभाषा अधिनियम, 1963 की धाराओं तथा राजभाषा नियम, 1976 के प्रावधानों की जानकारी दी।

अपने व्याख्यान में उन्होंने बताया कि कार्यालयों में जारी होने वाले प्रत्येक सरकारी दस्तावेज का द्विभाषिक होना आवश्यक है। राजभाषा के प्रचार-प्रसार का उत्तरदायित्व केवल कार्यालय प्रधान पर नहीं, बल्कि प्रत्येक अधिकारी पर होता है जो दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर करता है। उन्होंने कर्मचारियों को यह संदेश दिया कि राजभाषा कार्यान्वयन तभी सफल होगा जब प्रत्येक कर्मचारी अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।

द्वितीय सत्र का विषय था – “कार्यालयीन कामकाज में प्रयुक्त प्रशासनिक शब्दावली”। इस विषय पर राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय की हिंदी शिक्षण योजना के सहायक निदेशक (से.नि.) मु. कमालुद्दीन ने अत्यंत रोचक व्याख्यान दिया। उन्होंने प्रशासनिक शब्दावली के निर्माण, प्रयोग और उनके विविध संदर्भों पर चर्चा की तथा प्रतिभागियों को व्यवहारिक अभ्यास भी कराया।
यह भी पढ़ें-
कार्यशाला के सफल आयोजन में श्रीमती डी. वी. रत्नाकुमारी (कनिष्ठ कार्यपालक, एनयूएस), विकास कुमार आज़ाद, हिंदी अनुवादक तथा डाक अनुभाग के जयपाल का सक्रिय योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा राजभाषा में कार्य करने की शपथ के साथ हुआ।
